भारत विकास परिषद देवास शाखा की भारत को जानो प्रतियोगिता का द्वितीय चरण संपन्न
देवास। भारत विकास परिषद, देवास शाखा द्वारा भारत को जानो प्रतियोगिता के द्वितीय चरण का आयोजन क्विज के रूप में स्थानीय किन्डर हायर सेकेंडरी स्कूल में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रतियोगिता में देवास क्षेत्र के 12 विद्यालयों की जूनियर एवं सीनियर टीमों के कुल 44 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के प्रथम सत्र में सीनियर वर्ग तथा द्वितीय सत्र में जूनियर वर्ग की प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। दोनों वर्गों में विद्यार्थियों ने ज्ञान, आत्मविश्वास और त्वरित उत्तर देने की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम संयोजक स्वप्निल वर्मा ने बताया कि जूनियर वर्ग में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, विजय नगर की टीम ने प्रथम, सरदाना इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय तथा इनोवेटिव स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग में किन्डर हायर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान सरदाना इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय तथा महारानी चिमनाबाई स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों प्रथम विजेता टीमें अब 27 सितंबर, रविवार को नीमच में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता में देवास शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी रहे। विशेष अतिथि एवं भारत को जानो प्रतियोगिता की विशेषज्ञ श्रीमती प्रकृति बाठिया ने प्रतियोगिता के उद्देश्य एवं आयोजन की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का स्वागत भाषण शाखा अध्यक्ष सुरेश डसानिया ने दिया। आभार सचिव हेमंत वर्मा ने किया। इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम का संचालन भारत विकास परिषद परिवार के सदस्यों के बच्चों द्वारा किया गया। इसमें हिमांशी वर्मा, अथर्व चौहान एवं वैश्णवी राव तथा अंतिक्षा, आयुषी, प्रियंका, साक्षी नेमहत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से संचालित किया। कार्यक्रम में परिषद के ही राजेंद्र विजयवर्गीय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई साथ ही अन्य सदस्य कीर्ति चौहान, अजय पंडित, श्रीमती सुषमा पंडित, मुकेश गर्ग, श्रीमती दीपिका गर्ग, श्रीमती मीना राव, श्रीमती मीना वर्मा, गोपाल पंडित, दिनेश बावने ने भी उपस्थित रहकर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता प्रदान की।


