सड़क हादसे में भाजपा नेता की मौत, एक घायलइंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर नहीं रुक रहा दुर्घटनाओं का सिलसिला

खातेगांव। इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग 59 पर जिला प्रशासन के लाख प्रयासों के बाद भी दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इन दुर्घटनाओं में अब तक कई निर्दोष लोग अपनी जान गंवा चुके है और कई घायल हो चुके है। रविवार अपरान्ह करीब 4 बजे भी संदलपुर के समीप मुरली वाले रेस्टोरेंट के सामने एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें कीटनाशक दवाई विक्रेता व भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश मीणा की मौके पर मौत हो गई। जबकि उनके पुत्र कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खातेगांव टीआई सज्जनसिंह मुकाती ने बताया कि जगदीश मीणा पिता धूलसिंह मीणा 65 वर्ष निवासी पिपल्या नानकर रविवार को मोटर सायकिल से अपने पुत्र कपिल के साथ खेत पर जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। फलस्वरूप जगदीश मीणा की सिर में चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। जबकि कपिल के हाथ व गर्दन में चोट आई, जिसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उधर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश प्रारंभ कर दी है।

Post Author: Vijendra Upadhyay