भोपाल के मिंटो हॉल से मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के 30 लाख किसानों के खातों में 1530 करोड़ की सम्मान निधि की अतंरित
————
जिले में 04 किस्तों में अभी तक किसानों के खातों में 31 करोड़ 21 लाख 48 हजार रूपये अंतरित
————
देवास, 23 मार्च 2021/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के मिंटो हॉल से प्रदेश के 30 लाख किसानों के खातों में 1530 करोड़ की राशि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना एवं राहत सिंगल क्लिक से अतंरित की। जिसमें मुख्यमंत्री चौहान ने आज देवास जिले के 32 हजार 264 किसानों के खातों में 6 करोड़ 45 लाख 28 हजार की राहत राशि अतंरित की। इसके तहत मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत देवास तहसील के 3 हजार 402, देवास नगर के 303, टोंकखुर्द के 3 हजार 729, सोनकच्छ तहसील के 3 हजार 560, हाटपिपल्या तहसील के 2 हजार 423 किसान, बागली तहसील के 2 हजार 408, उदयनगर तहसील के 362, कन्नौद तहसील के 3 हजार 834, सतवास तहसील के 5 हजार 993 एवं खातेगांव तहसील के 6 हजार 250 किसान शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिले के किसानों के खातों में अंतरित की राहत राशि
इसी प्रकार भोपाल से मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा जिले के किसानों को राशि का वितरण किया गया। जिसमें जिले में खरीफ 2021 में फसल क्षति (कीट प्रकोप) से प्रभावित कृषकों को 2 लाख 47 हजार 591 को 166.99 करोड़ रुपए एवं बाढ़/अति वृष्टि से प्रभावित 32 हजार 851 कृषकों को 25.06 करोड़ रुपए कुल क्षति का 33 प्रतिशत द्वितीय किश्त राहत राशि का भुगतान किया जा रहा है। इस प्रकार आज दिनांक तक कुल 66 प्रतिशत राहत राशि का वितरण बाढ़/अतिवर्षा, कीट प्रकोप से प्रभावित 2 लाख 80 हजार 442 कृषकों को फसल नुकसानी का भुगतान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री किसान कल्याण एवं राहत राशि वितरण का जिलास्तरीय कार्यक्रम मल्हार स्मृति मंदिर देवास में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, एसडीएम प्रदीप सोनी, डिप्टी कलेक्टर त्रिलोचन गौड़, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण और किसान बंधु उपस्थित थे। देवास जिले में मुख्यमंत्री किसान कल्याण एवं राहत राशि वितरण कार्यक्रम विकासखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित कर मुख्यमंत्री चौहान का लाईव कार्यक्रम देखा और सुना गया। साथ ही कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के 60 हजार ग्रामीण पथ विक्रेताओं को 60 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया। इसके अलावा प्रदेश में कन्या शाला परिसर हाईस्कूल हायर सेकेंड्री स्कूल एवं छात्रावास कार्यों का लोकार्पण भी किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा 03 दिसम्बर 2020 को देवास जिले के 23 हजार 982 एवं 30 जनवरी 2021 को 42 हजार 810 किसान एवं दिनांक 27 फरवरी 2021 को 57 हजार 18 किसानों, कुल एक लाख 23 हजार 810 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत कुल 24 करोड़ 76 लाख 20 हजार रुपए वितरित किए। इस प्रकार आज दिनांक तक कुल हितग्राही 01 लाख 56 हजार 74 किसानों को 31 करोड़ 21 लाख 48 हजार रुपए देवास जिले में अंतरित किए गए हैं।

