सिया से एक महिला व तीन बच्चियां लापता

  • बीएनपी थाने पर गुमशुदगी दर्ज, नेमावर कांड को देखते हुए परिजन चिंतित

देवास। जिस तरह देवास जिले के नेमावर में एक ही परिवार के 5 सदस्य अचानक घर से लापता हो गए थे और करीब 48 दिन बाद उनके शव बरामद हुए। ठीक इसी तरह बीएनपी थानांतर्गत ग्राम सिया में रहने वाले राजपूत परिवार के 4 सदस्य पिछले 10 दिनों से घर से लापता है, जिसमें 3 बच्चे और एक महिला शामिल है। इनका अभी तक कोई अता-पता नहीं चला है और मोबाइल भी बंद है। हालांकि महिला के पति ने रतलाम के एक युवक पर संदेह जताया है, किंतु पुलिस अभी तक इनकी खोज नहीं कर पाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएनपी थानांतर्गत ग्राम सिया में रहने वाले राजेंद्रसिंह पंवार की पत्नी गोविंद कुंवर 33 वर्ष, अपनी 10 वर्षीय बेटी उर्वशी, 9 वर्षीय बेटा हुक्कू पंवार व 1 वर्षीय बेटी साक्षी के साथ गत 30 जून को अचानक घर से लापता हो गई। तभी से राजेंद्र सिंह व अन्य परिजन गोविंद कुंवर व बच्चों को ढूंढ रहे है। आखिरकार 2 जुलाई को बीएनपी थाने पर राजेंद्र सिंह ने गुमशुदगी दर्ज कराई है, जिसमें अपनी पत्नी व बच्चों के लापता होने में कृष्णपालसिंह राठौड़ निवासी रतलाम हालमुकाम जोधपुर का हाथ होना बताया है। इसी आधार पर बीएनपी थाना पुलिस ने रतलाम में छापामार कार्यवाही की, किंतु सफलता नहीं मिली।

लापता परिजनों को दो सप्ताह हो चुके है, किंतु पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। उधर नेमावर कांड के बाद लापता हुई गोविंद कुंवर व बच्चों के पिता तथा अन्य परिजनों को चिंता सताने लगी है कि कहीं उनके मासूम बच्चे व पत्नी के साथ भी कुछ गलत न हो जाए। उधर इस मामले में पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज करने के बाद एक बार पुलिस दल रतलाम व मंदसौर गया था, किंतु न तो वहां संदेही युवक मिला और ना ही लापता परिजन मिले है। अब पता चल रहा है कि ये लोग राजस्थान में है। हालांकि अभी तक उनकी वास्तविक लोकेशन पता नहीं चल सकी है। 

Post Author: Vijendra Upadhyay