केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला अस्पताल देवास का किया निरीक्षण

कायाकल्प अभियान के तहत जिला अस्‍पताल में किये गये कार्यों की प्रशंसा की

————-

     देवास, 17 अगस्त 2021/ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्‍टर चन्‍द्रमौली शुक्‍ला ने जिला अस्पताल में कायाकल्प अभियान के तहत किए गए कार्यों की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने जिला अस्‍पताल में किये गये कार्यों की प्रशंसा की। इस दौरान सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक देवास श्रीमती गायत्री राजे पवार, विधायक हाटपीपल्‍या मनोज चौधरी, संभागायुक्‍त संदीप यादव, कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह, विक्रम‍ सिंह पवार, राजीव खण्‍डेलवाल, सुभाष शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सिंह चौहान, एडीएम महेंद्र सिंह कवचे, एएसपी मनजीत सिंह चावला, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान, एसडीएम प्रदीप सोनी, प्रभारी सीएमएचओ डॉ. के.के. कल्‍याणे, सिविल सर्जन विजय कुमार सहित अन्‍य अधिकारीगण उपस्थित थे।

     केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला अस्पताल में  बनाये गये मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्‍होंने टीकाकरण कक्ष, एनजीटी क्लिनिक, दवाई वितरण कक्ष, रजिस्ट्रेशन कक्ष में जाकर निरीक्षण किया और रजिस्‍ट्रेशन की प्रकिया देखी। जिला अस्‍पताल में आये हुए मरीजों से चर्चा की ओर मास्क लगाने के लिए प्रेरित भी किया।

     उल्‍लेखनीय है कि देवास जिला चिकित्सालय का कायाकल्‍प किया गया है। अब जिला चिकित्‍सालय देवास की तस्वीर बदल गई है। कई वर्षों से कायाकल्प में प्रयासरत जिला चिकित्सालय अब आदर्श चिकित्‍सालय बन गया है। जिला चिकित्‍सालय में कायाकल्प अभियान के अंतर्गत स्त्री रोग विभाग में प्राथमिकता के तौर पर कायाकल्‍प किया गया है। जिसमें ओपीडी पूरी तरह से वातानुकूलित किया गया है। गर्भवती माताओं के बैठने के लिए व्‍यवस्थित व्यवस्था की गई है। डॉक्टर केबिन में बैठक व्यवस्था को पूरी तरह नया स्‍वरूप दिया गया है। अस्पताल में गर्भवती माताओं की समस्त आवश्यक जांच, टीकाकरण, अन्य उपचार व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। अस्पताल में आने वाली गर्भवती माताओं को अच्छे वातावरण में उपचार दिया जाएगा। मरीजों को सलाह देने के लिए हेल्प-डेस्क बनाया जा रहा है। जहां पर अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी जायेगी।

Post Author: Vijendra Upadhyay