- मां क्षिप्रा नदी का पुजन कर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शुरू की आशीर्वाद यात्रा
- जगह जगह लगें स्वागत मंच, सामाजिक संस्थाओं के साथ कई संगठनो ने किया भव्य स्वागत
- सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
देवास। संसद के बीते सत्र में विपक्ष ने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया। विपक्ष ने संसद नहीं चलने देने के लिए षडयंत्रपूर्वक प्रयास किए। देश की जनता के हित में संसद में जिन विषयों पर चर्चा होना थी, उसमें अड़चनें पैदा की। राज्यसभा में विपक्ष के लोग सभापति के पटल पर चढ़कर नाचे, नियमों की किताब उठाकर फेंक दी। विपक्ष दलों को उनके इस काम के लिए देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। मैं कांग्रेस और विपक्ष के लोगों से यह कहना चाहता हूं कि अगर वे ये सोचते हैं कि मोदी जी उनकी इस नाइंसाफी के आगे झुक जाएंगे, तो उन्हें इसका जवाब देश की जनता और भारतीय जनता पार्टी देगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने यह तय किया है कि स्वतंत्रता दिवस के बाद केंद्र सरकार के सभी मंत्री देश के कोने कोने में जाएंगे और जनता का आशीर्वाद लेकर विपक्ष की इस करतूत के बारे में जानकारी देंगे। यह बात केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को अपनी आशीर्वाद यात्रा के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही।

- भाजपा का लक्ष्य देश का उत्थान, कांग्रेस एक परिवार का उत्थान चाहती है
सिंधिया ने कहा कि विपक्ष ने संसद में उस दिन भी हंगामा किया, जब प्रधानमंत्री श्री मोदी अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों से संसद का परिचय कराना चाहते थे। हमारे देश की ही तरह मोदी जी का यह मंत्रिमंडल भी एक गुलदस्ते की तरह है। देश में पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में 11 महिलाओं को शामिल किया गया। इसमें अनुसूचित जाति के 12 सदस्यों, पिछड़ा वर्ग के 27 सदस्यों, अनुसूचित जनजाति के 8 सदस्यों को शामिल किया गया है। सिंधिया ने कहा कि एक तरफ भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो महिलाओं, पिछड़ों, अजा और अजजा वर्ग का, गरीबों का विकास और प्रगति चाहती है। दूसरी तरफ विपक्ष है, जो गिरगिट की तरह रंग बदलता रहता है। भाजपा पूरे देश का उत्थान चाहती है और कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का उत्थान चाहती है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में यही फर्क है।
- हमें विफल विपक्ष का पर्दाफाश करना होगा
सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में देश ने कोरोना संकट का सफलतापूर्वक सामना किया। जिस कोरोना के आगे सारी दुनिया ने घुटने टेक दिये, मोदी जी के नेतृत्व में उस कोरोना को देश से रवाना किया जा रहा है। हमारी सरकार ने संकटकाल के दौरान हर गरीब को अनाज दिया। इसके लिए दो लाख करोड़ की योजना बनाई। सिंधिया ने कहा कि पहले हमें एक-एक टीके के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता था। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में ही कोरोना के टीके बना लिए गए। सिर्फ आठ महीनों में ही देश के 55 करोड़ लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि जनवरी तक 18 वर्ष से ऊपर के देश के सभी नागरिकों को टीके का डबल डोज लग जाए। ये हमारी सरकार का संकल्प है और इसके पूरे होने तक हम चौन की सांस नहीं लेंगे। श्री सिंधिया ने कहा कि हमें विफल विपक्ष का देश के सामने पर्दाफाश करना है, उसकी सच्चाई जनता को बताना है।

- सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
केंद्रीय मंत्री सिंधिया की सभा के दौरान शहर कांग्रेस महामंत्री आदित्य दुबे अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। उनके भाजपा में शामिल होने पर सिंधिया, जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल देवास विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पंवार ने भाजपा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर आदित्य दुबे ने सभी मंचासीन अतिथियों को मिट्टी से निर्मित गणेश जी की प्रतिमा भेंट की। भाजपा कार्यालय पर आयोजित सभा में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक श्रीमति गायत्रीराजे पवार, आशीष शर्मा, मनोज चोधरी, पहाड़सिंह कन्नौजे यात्रा के प्रभारी आलोक शर्मा, सह प्रभारी संतोष पारिक, जिला संगठन प्रभारी गोपाल आचार्य, जिला महामंत्री पोपेन्द्रसिंह बग्गा, मनीष सोलंकी मंचासीन थे। सभा में स्वागत भाषण भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल ने दिया संचालन यात्रा के जिला प्रभारी एवं जिला महामंत्री राजेश यादव ने किया व आभार हाटपिपल्या विधायक मनोज चोधरी ने माना।

- मां क्षिप्रा और देवी चामुंडा का लिया आशीर्वाद
यात्रा से पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मंगलवार को माता क्षिप्रा का पूजन और देवी चामुंडा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। सिंधिया इंदौर से सड़क मार्ग द्वारा क्षिप्रा पहुंचेे वहां पर हाटपिपल्या विधायक मनोज चोधरी के नेतृत्व में हाटपिपल्या विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके उपरांत सिंधिया सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक स्व. कुमार गंधर्व, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कलाकार राजकुमार चंदन जी, शास्त्रीय गायिका कलापिनी कोमकली जी के निवास पर पहुंचे। उन्होंने महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। सिंधिया ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारवार्ता को भी संबोधित किया। यात्रा का देवास आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल, देवास विधायक श्रीमति गायत्रीराजे पवार के नेतृत्व में कई सामाजिक, खेल एवं धार्मिक संगठनो ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
- विधायक श्रीमति पवार एवं चोधरी के निवास पर किया स्वागत
सिंधिया के देवास आगमन पर देवास विधाायक श्रीमति गायत्रीराजे पवार एवं हाटपिपल्या विधायक मनोज चोधरी के नेतृत्व में उनके निवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कई भाजपा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।


