वर्णागम शिविर का समापन एवं चित्रकला प्रदर्शनी का शुभारंभ 3 सितम्बर को

देेवास। कालिदास संस्कृत अकादमी, उज्जैन द्वारा महाकवि कालिदास के ऋतुसंहारम् पर केन्द्रित वर्णागम शिविर का आयोजन 28 अगस्त से 3 सितम्बर तक देवास में किया गया। शिविर का समापन 3 सितम्बर को सायं 4 बजे विक्रमसभा एवं कला  भवन देवास पर आयोजित किया गया है। इसी भवन में महाकवि कालिदास के साहित्य से अनुप्राणित चित्रकला  की प्रदर्शनी का शुभारंभ भी होगा।

यह प्रदर्शनी 3 से 5 सितम्बर तक शाम 5 से रात्रि 9 बजे तक दर्शकों के अवलोकनार्थ संयोजित रहेगी। अकादमी के निदेशक डॉ. संतोष पंड्या ने बताया कि पारंपरिक, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए म.प्र. शासन का संस्कृति विभाग संकल्पित है। इसी क्रम में नगर पालिक निगम देवास, देवास कलावीथिका एवं अभिरूचि कला संस्था देवास के सहकार से पारंपरिक चुनार शैली पर आधारित वर्णागम शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें राजस्थान के वरिष्ठ कलाकारों द्वारा सुंदर चित्रांकन किया गया है।

आयोजन की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, जिलाधीश चंद्रमौली शुक्ल, निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान, वरिष्ठ साहित्यकार जीवनसिंह ठाकुर होंगे। अध्यक्षता वरिष्ठ चित्रकार हुसैन शेख करेंगे। अतिथियों द्वारा चित्रकला प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा। शिविर में समागत चित्रकारों का सम्मान तथा भुवनेश कोमकली द्वारा शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

Post Author: Vijendra Upadhyay