नवागत थाना प्रभारी ने जुआरियों-सटोरियों पर कसा शिकंजा दूसरे दिन ही जुएं-सट्टे के अड्डे पर छापा मारकर 7 लोगों को धरदबोचा

देवास। नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जुएं-सट्टे का कारोबार फल-फूल रहा था। पुलिस कप्तान डॉ. शिवदयाल सिंह ने इस थाने की कमान उपनिरीक्षक लोकेंद्र व्यास को सौंपी और पदभार करने के दूसरे ही दिन नवागत थाना प्रभारी ने जुआरी-सटोरियों पर शिकंजा कसते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 हजार 200 रुपये जब्त कर लिये। नाहर दरवाजा थाना प्रभारी लोकेंद्र व्यास से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि भवानी सागर में सट्टे का अड्डा चल रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सट्टा पर्ची लिख रहे अर्जुन वर्मा, दादुराम चौहान, मुकेश नाथ, राधेश्याम व गुलाब सिंह को धरदबोचा। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 हजार 30 रुपये नगद व सट्टापर्ची जब्त की। इसी तरह नयापुरा में आलोट पायगा स्कूल के बाहर जुआ खेल रहे बबलू व इसु को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 240 रुपये नगद व ताश-पत्ते जब्त किये।

थाना प्रभारी व्यास ने बताया कि क्षेत्र में जुएं-सट्टा, अवैध शराब कारोबार सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा। अन्य जगह भी संचालित हो रहे जुएं-सट्टे के कारोबारनाहर दरवाजा थाना प्रभारी ने तो गुरुवार को प्रभावी कार्यवाही करते हुए जुआरी-सटोरियों को धरदबोचा और 6 हजार से अधिक रुपये जब्त किये है, किंतु इसके अलावा भी शहर में जुएं-सट्टे का कारोबार संचालित हो रहा है। नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र के पठानकुआं, कोतवाली थानांतर्गत कंजर मोहल्ला और पुराना बस स्टैंड, औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत बालगढ़ चौराहा व लोहारपिपल्या में वेयर हाउस के पीछे तथा बीएनपी थानांतर्गत अमरपुरा के जंगल में जुएं-सट्टे के अड्डे धड़ल्ले से संचालित हो रहे है। 

Post Author: Vijendra Upadhyay