- पटवारी की हत्या में नया खुलासा
देवास। तीन दिन पूर्व सोनकच्छ में पदस्थ जिस पटवारी की पत्नी के प्रेमी द्वारा जघन्य हत्या कर दी गई थी, उस हत्याकांड में मंगलवार को नया खुलासा हुआ है। जांच के दौरान तथ्य सामने आया है कि पटवारी की हत्या में उसकी नवविवाहिता पत्नी भी लिप्त थी। इसी आधार पर जब पत्नी को थाने पर बुलाकर पूछताछ की गई तो पहले तो वह अनजान बनी रही और जब पुलिस ने उसे कुछ सबूत दिखाए और सख्ती बरती तो उसने स्वीकार कर लिया कि पटवारी की हत्या में उसकी लिप्तता है। उल्लेखनीय है कि सोनकच्छ में पदस्थ पटवारी नीरज परते की दो दिन पूर्व उसकी पत्नी रचना के प्रेमी अनिल सरयाम ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी और लाश ग्राम जेतपुरा के समीप पुलिया के नीचे फेंक दी थी। पुलिस ने लाश बरामद करने के बाद आरोपी अनिल सरयाम को भी गिरफ्तार कर लिया था। तभी इस मामले में बीएनपी थाना पुलिस को शंका थी कि कहीं न कहीं हत्याकांड में पत्नी की संलिप्तता होगी। लिहाजा पुलिस ने पत्नी रचना व आरोपी अनिल के फोन की कॉल डिटेल निकलवाई, तो पता चला कि हत्या के पहले व हत्या के बाद दोनों के बीच कई बार बात हुई थी। लिहाजा पुलिस ने गमगीन होने का तलाशा कर रही पत्नी रचना को थाने बुलवा लिया, जहां पर प्रारंभिक पूछताछ में तो उसने अनभिज्ञता प्रकट की, किंतु जब उसे कॉल डिटेल बताई, तो उसके होश उड़ गए और उसने स्वीकार किया कि पति की हत्या में वह प्रेमी के साथ थी। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ भी धारा 302, 120-बी के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

