जिले में वैक्सीनेशन से छूटे 15 से 17 वर्ष के बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए 18 जनवरी को चलाया जायेगा विशेष अभियान
————–
मदरसों में अध्ययनरत सभी बच्चों के वैक्सीनेशन का प्रमाण-पत्र कलेक्टर कार्यालय में जमा करें
————
देवास 17 जनवरी 2022/ जिले में वैक्सीनेशन से छूटे हुए व्यक्तियों को वैक्सीन लगाने के संबंध में कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला ने सभी समाजों के प्रबुद्धजनों की बैठक देवास विकास प्राधिकारण कार्यालय सभाकक्ष में ली। बैठक में नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान, सीएमएचओ डॉ. एम.पी शर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती रेलम बघेल, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, सभी समाजों के प्रबुद्धजन उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर शुक्ला ने कहा कि वैक्सीन के दोनों डोज लगाने से कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित होने की संभावना बहुत कम है। सभी समाजो के प्रबुद्धजन समाज के शत-प्रतिशत व्यक्तियों को वैक्सीन लगवाये। समाज के जिन नागरिकों ने वैक्सीनेशन नहीं कराया है, उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित कर के उनका वैक्सीनेशन कराये। कलेक्टर शुक्ला ने सभी समाजों के प्रबुद्धजन से अनुरोध किया कि सभी समाजजनों के शतप्रतिशत वैक्सीनेशन होने का प्रमाण-पत्र कलेक्टर कार्यालय में जमा करें।
बैठक में कलेक्टर शुक्ला ने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिये कि जिन बच्चों का जन्म 2007 और इससे पहले हुआ है, उन बच्चों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करें, जो बच्चे स्कूल नहीं जा रहे है, जिन्होंने स्कूल छोड दिया है और जो बच्चें प्राईवेट पढाई कर रहे है। ऐसे बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए मंगलवार 18 जनवरी को विशेष अभियान चलाया जायेगा। वैक्सीनेशन के लिए विशेष अभियान जिले के सभी विकासखण्डों में भी चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वैक्सीनेशन टीम बस्ती में जाकर घर-घर वैक्सीनेशन करने का कार्य करेगी। वैक्सीनेशन टीम कोचिंग क्लासों में जाकर वैक्सीनेशन कार्य भी करेगी।
बैठक में कलेक्टर शुक्ला ने निर्देश दिये कि स्कूलों और मदरसों में अध्ययनरत सभी बच्चों के शतप्रतिशत वैक्सीनेशन का प्रमाण-पत्र संस्था प्रमुख कलेक्टर कार्यालय में जमा करें। कलेक्टर शुक्ला ने निर्देश दिये कि जिले में वैक्सीनेशन के छूटे हुए 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

