गुंडा अभियान के अंतर्गत अरमान का मकान तोड़ा

  • मीडिया पर कार्यवाही को लेकर उठा था सवाल

देवास। कोतवाली थानांतर्गत बालाजी नगर में रहने वाली महिलाओं पर मामूली विवाद के बाद एक मुस्लिम युवक ने गोली चला दी थी। हालांकि इस गोलीकांड में कोई हताहत नहीं हुआ था, किंतु क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। इसके बाद पुलिस ने उक्त आरोपी व उसके पिता के खिलाफ 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही गुंडा अभियान के तहत शुक्रवार की दोपहर में नगर निगम व पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए आरोपी का अवैध मकान जमींदोज कर दिया।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार की शाम को गाय की लड़ाई के दौरान कार क्षतिग्रस्त हो गई थी, इसके बाद कार मालिक सपना पति संजय जायसवाल गाय मालिक फारूख के घर पहुंची थी, जहां पर उसने कहा था कि अपनी गाय को बांधकर रखा करो। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और फारूख के बेटे अरमान शेख ने देशी कट्टे से महिलाओं पर फायर कर दिया और फरार हो गया। हालांकि इस गोलीकांड में कोई भी हताहत नहीं हुआ था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने सपना की रिपोर्ट पर अरमान व उसके पिता फारूख के खिलाफ धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। उधर गोलीकांड से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और मांग उठने लगी थी कि महिलाओं पर गोली चलने वाले आरोपी का अवैध मकान तोड़ा जाए। इसके बाद कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला व पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयालसिंह ने आरोपी के मकान की जांच के निर्देश दिये थे, जिसमें निर्माण अवैध पाया गया था, लिहाजा शुक्रवार की दोपहर डेढ़ बजे निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान के निर्देश पर नगर निगम के कार्यपालन यंत्री नागेश वर्मा अपनी टीम के साथ कोतवाली टीआई उमराव सिंह व पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंचे और आरोपी का अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। इस दौरान आरोपी के परिजनों ने विरोध के साथ-साथ विवाद भी किया, किंतु पुलिस के सामने उनकी एक ना चली और पूरा मकान गिरा दिया गया। उधर फरियादी महिला सपना जायसवाल का कहना है कि मैं अभी पुलिस की इस कार्यवाही से संतुष्ट नहीं हूं। जब तक आरोपियों को सजा नहीं मिल जाता, तब तक मैं चुप नहीं रहुंगी। 

पिता-पुत्र पर पूर्व में हो चुके है मुकदमे दर्ज

कोतवाली टीआई उमराव सिंह ने बताया कि गोलीकांड के जिन आरोपियों का मकान ध्वस्त किया गया है, उन पर औद्योगिक क्षेत्र थाने पर दो-दो मुकदमे दर्ज है और वे आदतन अपराधी है।

Post Author: Vijendra Upadhyay