- रायपुर पुलिस ने देवास आकर 4 लोगों को पकड़ा
देवास। पुलिस महकमे ने जब से साइबर सेल को सक्रिय किया है, तब से साइबर अपराधों में भी बढ़ोत्तरी हुई है। पिछले दिनों इंदौर में विदेशी मुद्रा की ट्रेडिंग को लेकर करोड़ों रुपये की ठगी हुई थी और अब देवास में शेयर बाजार के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें रायपुर छत्तीसगढ़ पुलिस देवास आई और कैलादेवी मंदिर चौराहा पर स्थित शेयर बाजार के एक सेंटर पर छापामार मारकर वहां से 4 युवकों को पूछताछ के लिए अपने साथ रायपुर ले गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मिश्रीलाल नगर निवासी शुभम तिवारी, उसके मित्र आदित्य पटेल, अमित पटेल दोनों निवासी ग्राम लोहार पिपल्या व एक अन्य युवक कैलादेवी मंदिर चौराहा पर एक किराये के ऑफिस में शेयर मार्केट व अन्य धंधे कर रहे थे। इन लोगों ने कई लोगों को शेयर मार्केट में राशि दुगनी करने का लालच देकर ठगी की। बताया जा रहा है कि इसी क्रम में इन्होंने छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक महिला को शेयर बाजार के नाम पर 16 लाख की चपत लगा दी और नए ग्राहक की तलाश शुरु कर दी। इसी दौरान उक्त महिला ने रायपुर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। रायपुर पुलिस ने चारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लोकेशन ट्रेस की और गुरुवार को देवास आकर चारों को हिरासत में ले लिया। रायपुर पुलिस इन चारों से पूछताछ करने के लिए अपने साथ ले गई है।

