देवास। एक कंपनी की वजह से फसल नुकसान होने पर महिला कृषक कई दिनों से परेशान है। मामले में कोई सुनवाई नहीं होने पर महिला ने कल जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपत्ति की कृषि भूमि पर हैदराबाद की एक निजी कंपनी द्वारा नर्मदा पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जिसके लिए कंपनी द्वारा किसानों से 35 मीटर चौड़ाई की जगह ली गई। जिसका मुआवजा भी कंपनी द्वारा किसानों को प्रदान किया गया है। इसी पाइप लाइन को गुराडिय़ा रुपा में कृषक लाखन सिंह के खेत में बिछाने के दौरान फसल को पानी देनी वाली पाइप लाइन नीचे दब कर क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिससे किसान अपने खेत पर पानी नहीं दे पाया। जिससे कृषक दंपत्ति के खेत में लगी लहसुन की फसल नष्ट हो गई। जिससे कृषक का काफी नुकसान हो गया।
बताया जा रहा है इसी बात से नाराज कृषक की पत्नी अलका ने जहरीला पदार्थ खा लिया जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चल रहा है। फिलहाल अलका जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत में काफी सुधार है। महिला के पति लाखन ने बताया कि कंपनी का काम चल रहा है। आला अधिकारियों के दबाव के चलते उन्होंने खेत पर पाइजन ले लिया। पाइपलाइन का मुआवजे के तहत 95 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है। लेकिन फसल के मुआवजे पर कंपनी द्वारा कोई मदद नहीं की गई। मामले को लेकर कृषक ने सोनकच्छ तहसीलदार को एक आवेदन भी दिया है।

