चुनावी माहौल गरमाया, होने लगी शिकायतें

– 30 वार्ड भाजपा प्रत्याशी ने की सुरक्षा की मांग, वार्ड 8 में फाड़े पोस्टर, वार्ड 33 में मंदिर पोस्टर लगाने पर शिकायत
देवास। नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मी धीरे-धीरे तेज होती जा रही है और राजनीति करने वाले लोग तरह-तरह के पैतरेबाजी कर रहे है। पार्षद का चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी भी दांव-पेंच में लगे हुए है। इसी बीच शिकवा-शिकायत का दौर भी प्रारंभ हो गया है। जहां वार्ड क्रमांक 30 के भाजपा प्रत्याशी शीतल गेहलोत ने कलेक्टर एवं एसपी को पत्र लिखकर बताया है कि उनके वार्ड से कांग्रेस के बाहुबली चुनाव लड़ रहे है, इसीलिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल बढ़ाया जाए, अन्यथा वहां पर विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 33 में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा एक मंदिर पर पोस्टर व झंडे लगाने की बात को लेकर भाजपा प्रत्याशी ममता बाबू यादव ने एसडीएम देवास को लिखित शिकायत की है। हालांकि शिकायत के दो दिन बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उधर वार्ड क्रमांक 8 में कांग्रेस प्रत्याशी अतुलसिंह राजपूत व निर्दलीय प्रत्याशी आदित्य दुबे के अज्ञात लोगों द्वारा बैनर पोस्टर फाड़ दिए गए है। इन दोनों प्रत्याशियों ने इस मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन को की है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिये है। पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने दावा किया है कि जिस तरह त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपट गए है। इसी तरह नगरीय निकाय चुनाव भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाए। जहां-जहां भी संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित किए गए है, वहां पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है और शांति भंग करने व अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।

Post Author: Vijendra Upadhyay