देवास के शिक्षक आशीष गुप्ता ने गोवा में रचा इतिहास
‘आयरनमैन 70.3’ ट्रायथलॉन सफलतापूर्वक की पूरी!
देवास। देवास के निवासी आशीष गुप्ता ने गोवा में आयोजित प्रतिष्ठित ‘आयरनमैन 70.3’ ट्रायथलॉन को सफलतापूर्वक पूरा कर शहर का नाम रोशन किया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले देवास शहर के पहले व्यक्ति बन गए हैं।
जज्बा और समर्पण की जीत
आयरनमैन 70.3, जिसे “हाफ आयरनमैन” भी कहा जाता है, दुनिया की सबसे कठिन एकल-दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं में से एक है। इसमें खिलाड़ियों को एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर तीन चरणों को पूरा करना होता है:
1.9 किलोमीटर समुद्र में तैराकी।
90 किलोमीटर साइकिल चलाना।
21 किलोमीटर दौड़ (हाफ मैराथन)।
प्रतियोगिता को पूरा करने के लिए 8 घंटे 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन आशीष गुप्ता ने सिर्फ 7 घंटे 32 मिनट में इसे सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने समर्पण और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अन्तरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 62 देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
आशीष गुप्ता ने अपनी इस स्वर्णिम सफलता के पीछे एक साल की अथक तपस्या और समर्पण बताया है। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी पिछले एक वर्ष से कर रहे थे, जिसमें पसीना, घंटों का प्रशिक्षण और अनुशासन शामिल था।
आशीष जी न केवल स्वयं को फिट रखते हैं, बल्कि अपने विद्यार्थियों के लिए भी फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का एक जीता-जागता उदाहरण हैं। वह अक्सर अपने छात्रों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने का संकल्प दिलाते हैं।
आशीष गुप्ता की यह उपलब्धि केवल एक खेल विजय नहीं है, बल्कि यह दृढ़ संकल्प और मानवीय जज्बे की कहानी है। यह देवास के युवाओं को यह संदेश देती है कि अगर मन में ठान लिया जाए, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।



