अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में बसंत महोत्सव मनाया
देवास। अमलतास ग्रुप के फाउंडर चेयरमैन एवं चेयरमैन के शुभाशीष और कुशल मार्गदर्शन में, अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में 23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान में ज्ञान की देवी मां सरस्वती और आयुर्वेद के देवता भगवान धन्वंतरी का विधि-विधान से पूजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संहिता, सिद्धांत एवं संस्कृतम् विभाग द्वारा आयोजित मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता रही। सत्र 2024-25 बैच के छात्र-छात्राओं ने आयुर्वेद के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित आकर्षक मॉडल निर्मित किए और उनका विस्तार से वर्णन किया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक (Judge) की भूमिका डॉ. अजय गुर्जर, डॉ. विक्रम शर्मा एवं डॉ. नरेंद्र कटारिया ने निभाई। प्रतियोगिता के विजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के डायरेक्टर डॉ. अभिजीत तायडे, जनरल मैनेजर डॉ. मनीष शर्मा, प्राचार्या डॉ. अनीता घोडके और एम.एस. डॉ. अजय गुर्जर का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अश्विन पंड्या द्वारा किया गया। इस गौरवमयी आयोजन में महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को आयुर्वेद के क्षेत्र में निरंतर सीखने और शोध करने के लिए प्रेरित किया।


