अवैध डीजल व थिनर भंडारण पर पुलिस की कार्यवाही, एक आरोपी गिरफ्तार

 

अवैध डीजल व थिनर भंडारण पर पुलिस की कार्यवाही, एक आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर सूचना पर कार्रवाई, मौके से डीजल टैंकर, थिनर व उपकरण जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

देवास। थाना कमलापुर पुलिस ने अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ डीजल, थिनर आदि का भंडारण एवं क्रय विक्रय करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक डीजल टैंकर, लगभग 1000 लीटर थिनर, 400 लीटर डीजल तथा अन्य उपकरण जप्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा अवैध कारोबार करने वाले एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में दिनांक 09.02.2026 को थाना प्रभारी कमलापुर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बड़ी चौराहे के पास रोड किनारे स्थित जितेंद्र पटेल के बाड़े में बने पक्के कमरे में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ डीजल आदि का भारी मात्रा में भंडारण कर उसका क्रय विक्रय किया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती सौम्या जैन के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बागली सुश्री सृष्टि भार्गव के निर्देशन में थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जन सिंह मीणा द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर तस्दीक की गई। मौके पर डीजल टैंकर क्रमांक एमपी 09 जीजी 5698 मिला, जिससे डीजल निकाला जा रहा था। पंचों के समक्ष कार्यवाही करते हुए आरोपी जितेंद्र पिता रमेश परमार निवासी ग्राम अरंडिया इंदौर तथा आरोपी जितेंद्र पटेल से डीजल व थिनर से भरे ड्रमों एवं अन्य सामग्री के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इसी दौरान आरोपी जितेंद्र पटेल कागज लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया।

जांच में दोनों आरोपियों द्वारा अवैध रूप से डीजल व थिनर का भंडारण कर उसका अवैध व्यापार करना पाया गया। इस पर थाना कमलापुर में अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 3/7 इसी एक्ट एवं 287 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। आरोपी जितेंद्र परमार को न्यायालय बागली में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस द्वारा जप्त मश्रुका में एक डीजल टैंकर क्रमांक एमपी 09 जीजी 5698, डीजल से भरे दो ड्रम लगभग 400 लीटर, थिनर से भरे पांच ड्रम लगभग 1000 लीटर तथा अन्य उपकरण जैसे मोटर पंप, डीजल नापने वाले यंत्र और डीजल निकालने के उपकरण शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जन सिंह, उप निरीक्षक पी.सी. सोलंकी, राकेश चौहान चौकी प्रभारी चापड़ा, प्रधान आरक्षक योगेश यादव, रायचंद जोड़ियां, राजेंद्र शर्मा, भगवती प्रसाद खरे, आरक्षक जीवन मालवीय तथा दिलीप सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay