श्रद्धा के शब्दसुमन व फूलों की पंखुड़ियां की अटल को अर्पित

प्रेस क्लब द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पत्रकार, विभिन्न दलों के नेता व गणमान्य नागरिक हुए शामिल

देवास। प्रखर पत्रकार, ओजस्वी कवि व देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी को याद करते हुए शनिवार प्रेस क्लब द्वारा सयाजी द्वार पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पत्रकार, विभिन्न दलों से जुड़े नेता व शहर के गणमान्य नागरिकगण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने श्रद्धा के शब्दसुमन और फिर फूलों की पंखुड़ियां अटलजी के चित्र पर अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। शनिवार शाम साढ़े 5 बजे सयाजी द्वार पर अटलजी की कविताएं गूंजने लगी, तो धीरे-धीरे लोग जमा होने लगे।
अटलजी को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए मंत्री दीपक जोशी, सांसद मनोहर ऊंटवाल, विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार, महापौर सुभाष शर्मा, निगम अध्यक्ष अंसार अहमद, पूर्व सांसद सज्जनसिंह वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, ओजस्वी वक्ता देवकृष्ण व्यास, कवि शशिकांत यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिकगण उपस्थित हुए।

सर्वप्रथम प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिलराजसिंह सिकरवार ने सभी पत्रकारों की ओर से शब्दों द्वारा अटलजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात विभिन्न दलों के उपस्थित नेताओं व गणमान्य नागरिकों ने शब्दों के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने अटलजी से जुड़े कई संस्मरण भी सुनाए। तत्पश्चात भजन गायक द्वारका मंत्री ने भजन की प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने दोहराया। वहीं दो मिनट का मौन रखकर अटलजी को नमन किया। अंत में सभी ने कतारबद्ध होकर पुष्प की पंखुड़ियां अटलजी के चित्र के समक्ष अर्पित की। इस दौरान जिसने भी यहां श्रद्धांजलि सभा होते देखी वह खुद को नहीं रोक पाया और कार्यक्रम स्थल पहुंचकर आमजनों ने भी अटलजी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी वहां पहुंचे।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply