48 घंटे में चोरी का खुलासा, महिला आरोपी गिरफ्तार

48 घंटे में चोरी का खुलासा, महिला आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी और सामुदायिक पुलिसिंग की मदद से 10 लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद

देवास जिले के थाना कांटाफोड़ क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने मात्र 48 घंटे में खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों ने एक बार फिर अपराधियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर चोरी, नकबजनी और लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मश्रुका बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 मई 2026 को फरियादिया ने थाना कांटाफोड़ पहुंचकर सूचना दी कि वह अपने भांजे आयुष राठौर की बारात में कांटाफोड़ आई हुई थीं। कार्यक्रम द सुजान पब्लिक स्कूल कांटाफोड़ में आयोजित था। फरियादिया ने बताया कि कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद वह ग्राउंड में बैठी थीं। इसी दौरान उन्होंने अपने गले का सोने का हार और कानों के दो जोड़ सोने के झुमके निकालकर पर्स में रख दिए थे, जिन्हें कोई अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना कांटाफोड़ में अपराध क्रमांक 178/2026 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन और एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन में इंचार्ज थाना प्रभारी मलखानसिंह भाटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। महिला का चेहरा स्पष्ट होने पर उसकी फोटो और वीडियो सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए गए। इसके बाद महिला की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 6.05 तोला सोने के आभूषण, जिनमें एक सोने का हार और दो जोड़ सोने के झुमके शामिल हैं, साथ ही 4,640 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद मश्रूका की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में इंचार्ज थाना प्रभारी मलखानसिंह भाटी, उपनिरीक्षक विनय सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक यतीश तिवारी, महिला आरक्षक रेखा बड़ोले और प्रधान आरक्षक गणेश रावत थाना सतवास की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay