कंजर गिरोह का पर्दाफाश, 6 शातिर आरोपी गिरफ्तार
मोटरसाइकिल और पशु चोरी के 5 मामलों का खुलासा, 15 लाख रुपये का मश्रुका बरामद
देवास जिले में चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल एवं पशु चोरी में संलिप्त संगठित कंजर गिरोह के एक बाल अपचारी सहित कुल 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 मोटरसाइकिल, एक एक्सयूवी कार और 2 बकरे सहित करीब 15 लाख रुपये का मश्रुका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर चोरी, लूट और नकबजनी में शामिल संगठित गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 1 और 2 मई 2026 की रात ग्राम गदेशिया पिपलिया से मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक एमपी 41 जेडके 3303, ग्राम हवनखेड़ी से मोटरसाइकिल स्प्लेंडर क्रमांक एमपी 41 जेडजी 9406 और बकरे तथा संजयनगर से मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक एमपी 41 एनजी 7375 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इन मामलों में थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास में अपराध क्रमांक 374/2026, 378/2026, 381/2026 और 379/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें सभी चोरी की वारदात एक ही गिरोह द्वारा अंजाम देना सामने आया। डिजिटल ट्रेल का पीछा करने पर पुलिस को टोंककला के कंजर गिरोह की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राज झाला पिता राजेश उर्फ खन्ना झाला उम्र 21 वर्ष, युवराज झाला पिता राजेश उर्फ खन्ना झाला उम्र 20 वर्ष, जतिन हाड़ा पिता ओमप्रकाश हाड़ा उम्र 19 वर्ष निवासी कंजर डेरा टोंककला, अमन पिता सौदान सिंह चौहान उम्र 20 वर्ष निवासी मोती बंगला देवास, महेन्द्र कुमावत पिता जसवंत कुमावत उम्र 30 वर्ष निवासी राजाबाग कॉलोनी ईटावा देवास तथा एक नाबालिग बाल अपचारी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक एमपी 41 जेडके 3303, मोटरसाइकिल स्प्लेंडर क्रमांक एमपी 41 जेडजी 9406, मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक एमपी 41 एनजी 7375, मोटरसाइकिल पल्सर क्रमांक एमपी 09 डीएफ 1862, एक्सयूवी 500 कार क्रमांक एमपी 04 सीएक्स 2552 और दो बकरे बरामद किए हैं। कुल मश्रुका की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक गौरव नगावत, राधेश्याम वर्मा, सीमा परमार, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, घनश्याम बामनिया, शम्भु सिंह, अजय बैस, लेखराज, शांतिलाल, राहुल शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक रोहिणी अनोसे, आरक्षक अर्पित जायसवाल, अजय जाट, सैनिक तेजसिंह मण्डलोई, पुलिस चौकी टोंककला के उपनिरीक्षक नितिन सिंह तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही।


