देवास। कोरोना महामारी से बचाव की गृह मंत्रालय, भारत सरकार की गाइडलाइंस का अनुपालन करते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बीएनपी प्रबंधन द्वारा मुद्रणालय में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बीएनपी के जनसंपर्क अधिकारी संजय भावसार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य महाप्रबंधक के निदेशन में महामारी से बचाव के अनुरूप फिजिकल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन के साथ बीएनपी में नई कार्यशैली की पहल के साथ चरण बद्ध तरीके से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस कार्यशैली के तहत सबसे पहले बीएनपी कैम्पस को सील कर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश रोक दिया गया है । रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं जैसे किराना सामान, सांची और गाय का दूध, फल, सब्जियों की पर्याप्त व्यवस्था रहवासी कॉलोनी में ही करवा दी गई है और समस्त रहवासियों को जागरूक कर उन्हें घर से आते जाते वक्त सैनिटाइजर , मास्क , हैंड ग्लोव्स आदि प्रयुक्त करने के लिए अभ्यस्त किया जा रहा है। बीएनपी शॉपिंग सेंटर के साथ अन्य आवाजाही के मुख्य स्थलों को भी पूर्ण सेनिटाइज नियमित रूप से किया जा रहा है।

भावसार ने आगे बताया कि बीएनपी अस्पताल में डॉक्टरों के परामर्श और दवाइयों की व्यवस्था भी कर दी गई है और बीएनपी प्रबंधन और प्रशासन की टीम ने कैम्पस में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे भी कर लिया है। फैक्ट्री में भी अंदर बाहर पूर्ण सैनिटेशन नियमित किया जाकर आवश्यक प्रोटेक्शन के साथ कार्य चरण बद्ध तरीके से सुचारू रूप से स्थापित किया गया है। इसके लिए एक पूर्ण प्रक्रिया एसओपी बना दी गई है, जिसका प्रत्येक कर्मचारी पालन कर विषाणु मुक्त और सुरक्षित रहेगा । मुख्य महाप्रबंधक द्वारा संक्रमण से अतिरिक्त सुरक्षा के दृष्टिगत सुरक्षा के उच्च मानकों के साथ बीएनपी अस्पताल में प्रयुक्त किये गए मास्क , दस्ताने आदि को नष्ट करने के लिए अलग से व्यवस्था भी करवा दी गई है। आस-पास के शहरों उज्जैन, इंदौर और भोपाल में कोरोना के कहर को देखते हुए संविदा कामगारों के निवास और भोजन की व्यवस्था भी पृथक से कैंपस में ही करवाई गई है और बाहर से आवश्यक आपूर्ति के हर वाहन आदि की गेट पर ही नियमित जांच करने की व्यवस्था के साथ संक्रमण की हर संभावना को बाधित किया गया है। इसके अतिरिक्त रहवासी कैम्पस में प्रचार वाहन द्वारा महामारी से बचाव की जागरुकता के लिए निरंतर उदघोषणा भी करवाई जा रही है । इन सभी व्यवस्थाओं के लिए श्रम कल्याण निधि समिति के सदस्यों और कार्यसमिति सदस्यों यथा कमल सिंह चौहान, आशीष दत्ता आदि द्वारा भी अथक प्रयास किए जा रहे हैं ।

