24 घंटे में किसान की मेहनत की कमाई चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मंडी से लौटते समय दिया वारदात को अंजाम, 1.85 लाख रुपये नगद और वाहन जब्त
देवास। देवास में ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसान की मेहनत की कमाई चोरी करने वाले शातिर आरोपी को मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग पूरे चोरी गए रुपये सहित वाहन भी जब्त किया है। घटना 29.04.2026 की है, जब फरियादी सागर पिता जितेन्द्र नागर निवासी ग्राम धारूखेड़ी ने थाना नाहर दरवाजा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अनाज मंडी देवास में फसल बेचकर प्राप्त राशि अपने आयशर वाहन की डिक्की में रखकर घर जा रहा था। इसी दौरान राजोदा रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप पर पानी भरने के लिए वाहन खड़ा किया। वापस लौटने पर डिक्की खुली मिली और नगदी गायब थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आलोक सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और डिजिटल सर्विलांस का उपयोग करते हुए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और लगातार पतारसी करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी राजा उर्फ अब्दुल रजाक पिता अब्दुल रऊफ उम्र 51 वर्ष निवासी आर्य समाज मार्ग उज्जैन, हाल मुकाम मकान नंबर 71 देवास लाइफ स्टाइल कॉलोनी पार्ट 02 है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,85,850 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है, तथा एक हेलमेट जब्त किया है। कुल जब्त मश्रूका की कीमत 2,45,850 रुपये है। देवास पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाया गया सीसीटीवी नेटवर्क अपराधियों के खिलाफ प्रभावी साबित हो रहा है और अब अपराध कर बच निकलना मुश्किल हो गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोक सोनी, उपनिरीक्षक गणेशलाल जटिया, प्रधान आरक्षक नितेश द्विवेदी, रवि भदौरिया, यशवंत तोमर, आरक्षक नवदीप, योगेन्द्र, विकास पटेल, धर्मेन्द्र, आरक्षक मातादीन, नवीन पटेल, संदीप यादव, लक्ष्मीकांत तथा साइबर सेल प्रभारी शिवप्रताप सिंह सेंगर, सचिन चौहान, गीतिका कानूनगो, मुर्तजा, आरती सिंह, नैना खान, निशा पाटोरिया, राहुल बड़ोले और मोनू राणावत की सराहनीय भूमिका रही।


