श्रमिकों को गन्तव्य तक पहुंचाने के संबंध में दिए निर्देश
देवास, 19 मई 2020/ प्रवासी श्रमिकों को गन्तव्य तक पहुंचाने के लिए देवास में अर्गस गार्डन में ट्राजिट सेंटर बनाया गया है। ट्रांजिट सेंटर से श्रमिकों को गन्तव्य तक पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय ने आज मंगलवार को क्षिप्रा चेक पाइंट का निरीक्षण किया। श्रमिकों को गन्तव्य तक पहुंचाने के संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़वानी जिले से आने वाले बसों को क्षिप्रा चेक पाइंट पर ही रोका जाए। यहां पर बसों को एकत्रित कर 8 से 10 बसों का ग्रुप बनाकर अर्गस गार्डन पर छोड़ा जाए तथा श्रमिकों को गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। बड़वानी से श्रमिकों को लेकर आने वाली बसें ही रूकेगी। इसके अलावा कोई भी बस या ट्रक जो मजदूरों को लेकर जा रही है, उन्हें देवास रूकने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही मजदूरों के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाए। उनके भोजन-पानी की व्यवस्था की जाए। जिन श्रमिकों के पास चप्पल आदि नहीं है उन्हें चप्पल उपलब्ध करवाई जाए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती कृष्णावेणी देसावतु, अपर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, एएसपी जगदीश डावर, आयुक्त नगर निगम विशाल सिंह चौहान एवं एसडीएम अरविंद चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

