बीएनपी में पूर्ण क्षमता एवं सावधानी के साथ कार्य प्रारंभ देवास

देवास/ कोरोना महामारी से उपजे लॉक डाउन के खुलने के पश्चात बैंक नोट मुद्रणालय, देवास में पूर्ण क्षमता से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बैंक नोट मुद्रणालय के जन संपर्क अधिकारी संजय भावसार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय और निगम मुख्यालय के निदेशों के अनुरूप बैंक नोट मुद्रणालय में पूर्ण क्षमता से करंसी उत्पादन का कार्य प्रारंभ हो गया है। मुद्रणालय के समस्त कर्मचारी पूर्व की भांति जोश-खरोश से कार्य पर जुट गए हैं ।

मुख्य महाप्रबंधक राजेश बंसल द्वारा पूर्ण कार्य क्षमता से कार्य करने के लिए विगत लॉक डाउन- 2 के दौरान से ही विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली गई थी जिसमें पहले चरण में बीएनपी के रहवासी परिसर में निवासरत कर्मचारियों को कार्य पर बुलाया गया था और अब रहवासी परिसर से बाहर के कर्मचारियों को भी कार्य पर बुला लिया गया है, यद्यपि सरकार और स्थानीय प्रशासन के समन्वित निदेशों के अनुपालन में कंटेन्मेंट एरिया में निवासरत कर्मचारियों को उपस्थिति से छूट दी गई है ताकि संक्रमण की किसी भी संभावना को नकारा जा सके। संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय और निगम मुख्यालय की गाइडलाइंस का पूरी तरह अनुपालन किया जाकर सम्पूर्ण रहवासी परिसर और कारखाना परिसर में सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग आदि का पूरा अनुपालन किया जा रहा है और कर्मचारियों और रहवासियों को इस कार्य में मोटिवेट करने के लिए श्रम कल्याण निधि समिति तथा सभी युनियनों द्वारा भरसक प्रयत्न भी किये जा रहे हैं ।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply