कलेक्टर श्री शुक्ला की अध्यक्षता में व्यापारी एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न

देवास, 15 जून 2020/ सभी व्यापारी एसोसिएशन अपनी एसओपी बनाए तथा उसका पालन सभी व्यापारियों से कराएं। आप सभी के सहयोग से हम वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को रोक सकेंगे। उक्त बातें कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित व्यापारी एसोसिएशन की बैठक में कही। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती शीतला पटले, नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान, व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा व्यापारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने सभी व्यापारियों से कहा कि आपको सुरक्षा के मापदंड अपनाना है। इसके लिए एक लिस्ट बनाए तथा उसके हिसाब लिस्ट से अपने प्रतिष्ठान को खोले। व्यापार चालू रहे पर सुरक्षा के साथ हों। अपने प्रतिष्ठान पर सुरक्षा के दृष्टि से सभी आवश्यक दायरे अपनाए। उन्होंने कहा कि सभी को मास्क लगाएं, हाथों को बार-बार धोयें तथा हाथों को सेनेटाइज करें तथा दुकान तथा सार्वजनिक स्थानों पर 6 फीट की दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि दुकान पर सभी 100 प्रतिशत मास्क लगाकर की दुकान/प्रतिष्ठान का संचालन करें। अगर कोई व्यक्ति बगैर मास्क लगाकर सामान खरीदने आता है तो उसे मना करें और मास्क लगाकर आएं तथा 6 फीट की दूरी बनाकर रखें। साथ ही जो भी ग्राहक आता है उसकी एंट्री भी रजिस्टर में करें।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि कोरोना खत्म नहीं हुआ है। वर्तमान में हर दसवां व्यक्ति कोरोना के संक्रमण से संक्रमित हो सकता है। अत: आप सभी आवश्यक सावधानियां रखेंगे तो कोरोना संक्रमण को रोकने में आसानी होगी। इसके लिए आपका सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर एसोसिएशन अपनी-अपनी गाइड लाइन बनाये। इस गाइड लाइन को कलेक्टर कार्यालय को भेजे तथा मुझे भी सेंड करें। साथ ही सरकार की गाइड लाइन का पालन भी करें। उन्होंने कहा कि दुकान खोलने से पहले दुकान को अच्छे से सेनेटाइज करें तथा दुकान पर काम करने वाले व्यक्ति को भी सेनेटाइज करें।
बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि वर्तमान में 50 प्रतिशत दुकान खोलने का आदेश जारी किया गया है, इसका पालन करें। कन्टेंमेंट एरिया वाले व्यक्ति से संक्रमण फैलने की ज्यादा संभावना होती है। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आपके प्रतिष्ठान पर कन्टेंमेंट एरिया से कोई भी कर्मचारी न आएं। हमें अपने दिमाग से यह बात निकालना है कि हम सुरक्षित है। इसलिए सभी सावधानियां अपनाएं। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे सामान की घर पहुंच सेवा भी करें। जिससे कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने में आसानी होगी।
नगर निगम द्वारा कम दर किया जा रहा है सेनेटाइजेशन का कार्य
बैठक में नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी प्रतिष्ठान एवं दुकान संचालक अपनी दुकान को अच्छे से प्रतिदिन सेनेटाइज करें। जिससे इस रोग के संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकें। दुकान, ऑफिस संचालक प्रतिदिन भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि देवास नगर निगम द्वारा कम से कम दर पर दुकान, ऑफिसों सेनेटाइज किया जा रहा है। सेनेटाइजेशन की दरें काफी किफायती है। इसके लिए मोबाइल नंबर 9111244425 पर संपर्क कर सकते हैं।

