कलेक्टर शुक्ला की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक

देवास जिले में विशेष अभियान चलाकर 31 मार्च तक नि:शुल्‍क बनेंगे आयुष्‍मान कार्ड

————-

राजस्‍व वसूली, नामान्‍तरण और बटवारा सर्वोच्‍च प्राथमिकता से 31 मार्च तक करें –कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला

————-

जिले में अब 05 मार्च तक पंजीयन कार्य, 15 मार्च से चना एवं 22 मार्च से गेहूं का उपार्जन

————-

45 से 59 साल के गंभीर बीमारी वाले आम नागरिक अपनी बीमारी की जानकारी देकर अपना रजिस्‍ट्रेशन कराकर वैक्‍सीन लगवाये

————–

      देवास, 03 मार्च 2021/ कलेक्टर चन्‍द्रमौली शुक्‍ला की अध्यक्षता में  समय-सीमा संबंधी लंबित पत्र के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्‍टर सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, अपर कलेक्‍टर महेन्‍द्र सिंह कवचे, संयुक्‍त कलेक्‍टर शोभाराम सोलंकी, एसडीएम प्रदीप सोनी, डिप्‍टी कलेक्‍टर सुश्री प्रिया वर्मा, डिप्‍टी कलेक्‍टर त्रिलोचन गौड़, सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे।

      बैठक में कलेक्‍टर शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि निकट समय में नगरीय निकाय और पंचायतों के चुनाव आ रहे है, चुनाव के संबंध में सारी तैयारिया पूर्ण कर ले। जिले के 45 से 59 साल के गंभीर बीमारी वाले आम नागरिक अपनी बीमारी की जानकारी देकर अपना रजिस्‍ट्रेशन कराकर वैक्‍सीन लगवा सकते है। जिले में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्‍यक्तियों को स्‍वीप टीम के बीएलओं घर-घर जाकर टीका लगवाने के लिए प्रेरित करे और उनका ब्‍लॉक लेवल पर रजिस्‍ट्रेशन कराकर वैक्‍सीनेशन कराये।

      कलेक्‍टर शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि आयुष्‍मान कार्ड बनाने का अभियान जारी रखे। जिले में 31 मार्च तक आयुष्‍मान कार्ड बनाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 31 मार्च तक नि:शुल्‍क आयुष्‍मान कार्ड बनाये जायेंगे। सभी अधिकारी अपने विभाग से जुडे हुए हितग्राहियों का आयुष्‍मान कार्ड अभियान चलाकर बनवाये। आयुष्‍मान भारत ‘’निरामयम’’ योजना का उद्देश्‍य गरीब एवं असहाय परिवारों को गुणवत्‍तापूर्ण इलाज समय पर उपलब्‍ध कराना है। सभी संबल कार्ड धारी, खाद्यान पर्ची धारी एवं ऐसे सभी लोग जिनका नाम एस.ई.सी. सूची में हैं। वे सभी आयुष्मान कार्ड के लिए पात्र है। कार्ड बनवाने के लिए परिवार समग्र आई.डी., आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड इनमें से कोई भी दस्तावेज आवश्‍यक है। 

      बैठक में कलेक्टर श्री शुक्‍ला ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान श्री शुक्‍ला ने निर्देश दिए कि 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का निराकरण विशेष अभियान चलाकर सुनिश्चित करें। कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज विभिन्न विभागों की शिकायतों का एल-1 पर ही निराकरण करें तथा शिकायतें एल-02 पर ना पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखे। उन्‍होंने निर्देश दिये कि सभी शिकायतें शत-प्रतिशत निराकृत हों, कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। शिकायत अनअटेंडेंट पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्‍होंने कहा की समय-सीमा संबंधी प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करें। 

      कलेक्‍टर शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि सभी विकासखण्‍डों में सीएम हेल्‍प लाइन के लम्बित प्रकरणों के निराकरण के लिए एक सप्‍ताह में लोक कल्‍याण शिविर आयोजित करें। कलेक्‍टर शुक्‍ला ने विशेष रूप से नगर निगम, डूडा और खनिज विभाग को निर्देश दिये कि 300 दिन से अधिक लम्बित शिकायतों को तीन दिन में अभियान चलाकर निराकृत करें। व्‍यक्तिगत रूप से शिकायतकर्ता से मिलकर संतुष्‍टी पूर्वक शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिये।

       कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि सभी 12 मार्च से पूर्व विशेष रूप से 4 हैक्‍टेयर व उससे अधिक भूमि वाले किसानों की फसलों का वैरिफिकेशन कर ले। उपार्जन के समय यह सुनिश्चित करें कि कोई व्‍यापारी उपार्जन केन्‍द्र पर फसल नही बेचे। किसानों से ही इस वर्ष की फसल का उपार्जन किया जाना है। कलेक्‍टर शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि जिले में ऐसे व्‍हेयर हाउस जिनकी क्षमता 3 हजार मैट्रीक क्षमता से अधिक है, वहां उपार्जन केन्‍द्र के रूप में शासन की नीति अनुसार उपार्जन का कार्य किया जा सकता है।

कलेक्‍टर शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि 15 मार्च के पूर्व उपार्जन के लिए केप के नये प्‍लेटफार्मो का कार्य पूर्ण करे ले। नये केप में 1 लाख 50 हजार मैट्रीक टन से अधिक फसल रखने की क्षमता रहेगी। जिले में 05 मार्च तक पंजीयन का कार्य किया जायेगा। जिले में 95 हजार से अधिक किसानों ने उपार्जन के लिए पंजीयन कराया है। जिले में 15 मार्च से चना का उपार्जन एवं 22 मार्च 2021 से गेहूं का उपार्जन कार्य शुरू किया जाएगा। जिले में 142 उपार्जन केंद्रों पर उपार्जन का कार्य किया जायेगा। जिले में चना उपार्जन के लिए 27 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में 15 उपार्जन केन्‍द्र ऐसे बनाए जाएंगे जिसमें स्‍व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा खरीदी की जाएगी। खरीदे गए गेहूं के भंडारण की संपूर्ण व्यवस्था की जाए। सभी उपार्जन केंद्रों पर बारिश को देखते हुए सभी आवश्‍यक व्यवस्था की जाए। उन्‍होंने निर्देश दिये कि उपार्जन शुरू होने के बाद प्रत्‍येक सेंटर पर रोजाना कितना उपार्जन हुआ उसकी नियमित जानकारी भेजे। उन्‍होंने उपार्जन केन्‍द्रों पर गेहूं भण्‍डारण, बारदानों और परिवहन की सम्‍पूर्ण व्‍यवस्‍था करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने निर्देश दिये कि उपार्जन केंद्रों पर टेंट की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था और टॉयलेट की व्यवस्था करें। उपार्जन केन्‍द्रों पर भीड़ न लगे इसकी व्यवस्था करें।

      कलेक्‍टर शुक्‍ला ने निर्देश दिये कि जिन किसानों ने फसल बीमा की प्रीमियम राशि जमा कर दी है। वे किसान बैंक के पोर्टल पर अपनी एंट्री 10 तारीख तक आवश्‍यक रूप से करा ले। इसके बाद फसल बीमा पर कोई विचार नहीं होगा। उन्‍होंने बैंक के अधिकारियों को बीमा पोर्टल में अधिक से अधिक किसानों को जोड़े जाने के निर्देश दिये हैं। जिले के किसान अपना आधार कार्ड और ज़रुरी कागज़ पोर्टल पर ठीक से अपलोड करा लें।

       कलेक्टर शुक्‍ला ने राजस्‍व वसूली, नामान्‍तरण और बटवारा सर्वोच्‍च प्राथमिकता से 31 मार्च से पूर्व अभियान चला कर करें। इसके अलावा बिजली के अधिक बिल, अवैध कॉलोनी, अवैध कब्‍जा, वनाधिकार पट्टे, भू-अर्जन, शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्‍त करने, भू-माफिया, रेत-माफिया, मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आंगनवाडी केन्‍द्रों पर कु-पोषण और पोषण आहार पर कार्य योजना बनाकर कार्य करें। जल संरक्षण की कार्य योजना बनाकर कार्य करे। सभी पटवारी और राजस्‍व अमला निश्चित दिनों में अपने मुख्‍यालय पर उपस्थित रहेंगे।     

Post Author: Vijendra Upadhyay