जिला स्तरीय गुण नियंत्रण उडनदस्ता दल ने अवैध कीटनाशक औषधि एवं उर्वरक किया जब्त
देवास 06 अगस्त 2021/ जिले में कृषि विभाग द्वारा गठित जिला स्तरीय गुण नियंत्रण उडनदस्ता ने मेसर्स प्रथु आर्गेनिक सोल्यूसन प्राइवेट लिमिटेड ग्राम होशियारी तहसील व जिला देवास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अवैध कीटनाशक औषधि एवं उर्वरक पाई गई। कीटनाशक अधिनियम 1968 की धारा 29 एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 8 का स्पष्ट उल्लंघन होने से गुण नियंत्रण उडनदस्ता दल द्वारा अवैध कीटनाशक औषधि एवं उर्वरक को जब्त कर संचालकों प्रतापसिंह पिता बापूसिंह अंजना निवासी होशियारी तहसील व जिला देवास एवं प्रहलाद सिंह सिसोदिया पिता एम. एस. सिसोदिया निवासी 183 महाश्वेता नगर देवास रोड उज्जैन के विरूद्ध थाना विजयागंज मण्डी में एफ.आई.आर. दर्ज कराई गई।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास के निर्देशानुसार कृषको को उत्तम गुणवत्ता का कृषि आदान उपलब्ध हो इसके लिए कलेक्टर चन्द्रमोली शुक्ला के निर्देशानुसार उपसंचालक कृषि आर.पी.कनेरिया के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय गुण नियंत्रण उडनदस्ता दल का गठन किया गया है।
कार्यवाही के दौरान सहायक संचालक कृषि एवं नोडल अधिकारी जिला स्तरीय गुण नियंत्रण उडनदस्ता दल लोकेश गंगराडे, सहायक संचालक कृषि जगदीश ठाकुर, कीटनाशक/उर्वरक निरीक्षक एवं प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखण्ड देवास आर. के. विश्वकर्मा, कृषि विकास अधिकारी दिनेश परमार एवं कृषि विकास अधिकारी जीवन बरडे, आरक्षक सुरज सिंह राठौर थाना विजयागंज मण्डी उपस्थित थे।

