देवास जिले के ग्राम सिंगावदा से ‘’फिट इंडिया फ्रीडम रन’’ कार्यक्रम का शुभारम्‍भ

“फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज” का मंत्र अपने जीवन में अपनाएं – श्री उपाध्याय
————-


     देवास 13 अगस्त 2021/ जिले के ग्राम सिंगावदा में नेहरू युवा केंद्र देवास द्वारा फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम का शुभारम्‍भ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष जन अभियान परिषद मध्य प्रदेश शासन (राज्य मंत्री दर्जा) विभाष उपाध्याय ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर हम सब आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। बीते 75 सालों में देश ने बहुत प्रगति की है, लेकिन अभी और भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। हमें “फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज” का मंत्र अपने जीवन में उतारना है। पिछले डेढ़ दो वर्षों में कोरोना महामारी के कारण जो परिस्थितियां हमने देखी हैं, उनसे भी हमें सबक लेना है। देश को सबल, समर्थ और स्वस्थ्य बनाने के लिए समस्त नागरिकों को भी सबल, समर्थ और स्वस्थ्य बनना पड़ेगा।
     उन्‍होंने कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देशवासियों से यह अपील की है कि देश को सबल और समर्थ बनाने के लिए समस्त नागरिक रोज कम-कम से कम आधा घंटा अपनी फिटनेस पर ध्यान दें, ताकि हमारा शरीर रोगों से लड़ने में सक्षम हो सके। अगर हम स्वस्थ होंगे तभी स्वयं एवं देश के लिए  काम कर सकेंगे। आज हम सब संकल्प लें कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा चलाए गए फिट इंडिया अभियान में न केवल स्वयं प्रतिभागिता करेंगे अपितु अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।


     नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपनिदेशक अरविन्द श्रीधर ने स्वतंत्रता अमृत महोत्सव कार्यक्रम श्रृंखला के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा देशव्यापी स्तर पर आयोजित किए जा रहे स्वतंत्रता अमृत महोत्सव कार्यक्रम श्रृंखला के तहत, देवास जिले के 75 ग्रामों में फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक एवं युवा मंडल के सहयोग से किया जाएगा। ताकि युवा पीढ़ी स्वतंत्रता आंदोलन में हमारे पुरखों द्वारा दी गई कुर्बानियों को याद करे और नया भारत बनाने का संकल्प ग्रहण करे।
      इस अवसर पर ग्राम सिंगावदा में युवाओं ने फिट इंडिया फ्रीडम रन में भाग लिया। मुख्य अतिथि विभाष उपाध्याय ने उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को फिट इंडिया संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र देवास के कार्यक्रम पर्यवेक्षक अनिल जैन ने किया, आयोजन का समन्वय नेहरू युवा केंद्र देवास के स्वयंसेवक हर्ष जोशी ने किया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक इंद्रजीत ठाकुर, वैशाली चौहान, यश दुबे एवं हेमंत देवड़ा ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

Post Author: Vijendra Upadhyay