पार्टी स्थापना दिवस पर जिला कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण


– क्षेत्रीय विधायक, जिला अध्यक्ष रहे उपस्थित

देवास। भारतीय जनता पार्टी के 43 वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी, जिला कार्यालय में ध्वजारोहण किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार, देवास विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश यादव ने ध्वजारोहण किया। समारोह के पूर्व प्रातः जिला कार्यालय में पार्टी के जिला अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जिला कार्यालय में स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया। इसी के साथ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन कार्यक्रम बड़ी स्क्रीन लगाकर देखा गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत अपनी अपार शक्तियों का आभाष कर चुका है। जिस तरह हनुमानजी को उनकी शक्ति याद दिलाई गई थी, उसी तरह 2014 के बाद देश को उसकी शक्ति याद दिलाई गई। हनुमानजी ने अपने लिए कभी कुछ नहीं किया। इसी तरह भाजपा ने जो किया, वो देश के लिए किया। भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा है… पार्टी को संवारा है, सशक्त और समृद्ध किया है, छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर के वरिष्ठ पद पर रह कर देश और पार्टी की सेवा करने वाले सभी महानुभावों को मैं शीश झुका कर प्रणाम करता हूं। आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान जी की जन्म जयंती मना रहे हैं। हनुमान जी का जीवन और उनके जीवन के प्रमुख प्रसंग आज भी हमें पुरषार्थ के लिए प्रेरित करते हैं… भारत की विकास यात्रा के लिए प्रेरणा देते हैं।
किया गया दीवार लेखन
निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा जिला राजीव खंडेलवाल ने जिला मुख्यालय के भाजपा कार्यालय के समीप कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के साथ दीवार लेखन का कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम अध्यक्ष रवि जैन, पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष रामसिंह सैंधव, जिला महामंत्री मनीष सोलंकी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राम सोनी, पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष जुगनू गोस्वामी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवराज सिंह गोहिल, सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी व सह मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने संयुक्त रूप से दी।

Post Author: Vijendra Upadhyay