कालूखेड़ी तालाब पर प्रतिमाओं का विसर्जन
देवास में भव्य रूप से मना गणेश उत्सव, हुए कई आयोजन
देवास। शहर में भगवान श्री गणेश का दस दिवसीय पर्व शनिवार को संपन्न हो गया। श्रद्धालुओं ने कालुखेड़ी तालाब पर छोटी और बड़ी प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया। परिवारजन प्रतिमाएं लेकर तालाब पहुंचे और आरती के बाद भावभीनी विदाई दी। नगर निगम की ओर से छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जगह-जगह कुंड बनाए गए थे। मीठा तालाब से कालुखेड़ी तालाब तक प्रतिमाएं ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध कराए गए थे, वहीं बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन का उपयोग किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मीठा तालाब, कालुखेड़ी और शिप्रा नदी किनारे पुलिस बल और निगम कर्मचारी तैनात रहे। शाम आठ बजे सयाजीद्वार से भव्य चल समारोह निकला। इसमें नगर निगम और बैंक नोट प्रेस सहित छह से अधिक झांकियां शामिल थीं।
झांकियां शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकलीं और एमजी रोड सहित अन्य मार्गों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। मार्गों पर बिजली की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। समापन के दौरान एक भावुक दृश्य भी सामने आया। रेवाबाग की एक बालिका अपनी मां के साथ कालुखेड़ी तालाब पर गणपति बप्पा को विदाई देने पहुंची। प्रतिमा विसर्जन के समय बालिका भावुक होकर रो पड़ी, जिसे मां ने गले लगाकर सांत्वना दी।