संघ का वृहद् गृह सम्पर्क अभियान
देवास। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष में पूरे देश में संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा गृह सम्पर्क का संकल्प लिया गया है। मालवा प्रांत में यह गृह सम्पर्क अभियान आगामी एक दिसम्बर से पंद्रह दिसम्बर तक किया जावेगा।
मालवा प्रांत के सभी 28 जिलों के 138 खंडों के 12,500 से अधिक गाँवों और 101 नगरों के 7,500 से अधिक मोहल्लों में संघ के कार्यकर्ताओं की टोलियाँ घर-घर जाकर संपर्क करेंगी। इस वृहद् गृह संपर्क अभियान संघ के देवास जिले के 7 नगरों की 46 बस्ती के 371 मोहल्लों एवं 543 ग्रामों में 1450 टोलियो के 7250 स्वयंसेवक हिन्दू परिवारों में संघ परिचय पत्रक,संघ साहित्य,स्टीकर,और भारत माता का चित्र लेकर कार्यकर्ता घरों पर परिवारों से संपर्क करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों और नगरों की सेवा-बस्तियों में घरों पर भगवा पताका भी लगायी जावेंगी।
संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष में संघ द्वारा पंच परिवर्तन के संकल्प का आह्वान किया गया है। भेदभाव रहित और सभी के सुख-दु:ख में शामिल होने वाला समरस हिन्दू समाज सबल और सशक्त भारत का आधार है। समाज में संस्कारों और परंपराओं की पाठशाला हमारे परिवार है, अपनी संस्कृति की रक्षा और संस्कारों के लिये परिवारों को संस्कारक्षम बनाये रखना आज की चुनौती भी है। सभी प्राणियों का जीवन सुखी हो, इस हेतु हमारे वन,वायु,जल,धरती सहित सम्पूर्ण पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन आवश्यक है। स्वदेशी जीवन शैली और भारत केन्द्रित विचार-व्यवहार और व्यापार ही स्वावलंबी और स्वतंत्र भारत का आधार है। प्रत्येक नागरिक द्वारा संवैधानिक, राष्ट्रीय, सामाजिक और नैतिक कर्तव्यों के पालन से भारत को विश्वगुरु बनाना है।
सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण केन्द्र जीवनशैली,जीवन के हर क्षेत्र में स्वदेशी का संकल्प और नागरिक कर्तव्यों का पालन ये पंच-परिवर्तन के पाँच संकल्प है।
गृह संपर्क अभियान में संघ के कार्यकर्ता पंच-परिवर्तन के संकल्पों की चर्चा घर-घर जाकर करेंगे और परिवारों द्वारा किसी एक संकल्प का आह्वान करवाया जावेगा।
गृह संपर्क अभियान में प्रत्येक घर में संघ के तीन से चार कार्यकर्ताओं की टोलियाँ सम्पर्क हेतु जावेंगी। इन टोलियों में महिला कार्यकर्ता भी रहेंगी।
देशभर में चलने वाले इस संपर्क अभियान में सात से दस दिन समयदानी कार्यकर्ता निकलेंगे। विविध श्रेणियों के प्रमुखजनों से मिलने हेतु पृथक टोलियाँ बनायी गयी है।
संपर्क टोलियाँ गृह संपर्क में संघ स्थापना के उद्देश्य, संघ का सामान्य कार्यपद्धति और संघ की सौ वर्षों की यात्रा और इस यात्रा में सदैव समाज की सहयोगी भूमिका के विषय पर सामान्य चर्चा भी करेगी।
गृह सम्पर्क अभियान में सभी जाति-पंथों, नगरों, ग्रामीण क्षेत्रों, सेवा-बस्तियों और वनवासी परिवारों में हर हिन्दू तक संघ का विचार पहुँचाने हेतु कार्यकर्ता घर-घर पहुँचेंगे।
जनवरी माह में मालवा प्रान्त के 1350 मंडल (आठ-दस गाँवों के समूह ) व 988 बस्ती के हिंदू सम्मेलन आयोजित होंगे, जिस हेतु हर स्तर पर समाजजनों की मार्गदर्शन व आयोजन समितियाँ गठित हो रही हैं। हिन्दू सम्मेलनों में संत,समाज प्रमुख और महिला वक्ता रहेंगी।

