सेन थॉम एकेडमी में उत्साह एवं पर्यावरण जागरूकता के साथ दीपावली उत्सव का आयोजन
देवास। सेन थॉम एकेडमी, भोपाल रोड, में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सुंदर एवं रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से उत्सव की रौनक बढ़ा दी। कार्यक्रम में दीपावली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों ने सारगर्भित भाषण प्रस्तुत किए। वहीं, एक प्रभावशाली लघु नाटिका के माध्यम से सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने के विभिन्न उपायों का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पर्व की वास्तविक भावना के साथ-साथ जिम्मेदार एवं जागरूक उत्सव मनाने का संदेश भी दिया। उत्सव में रचनात्मकता के रंग भरते हुए प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में सुंदर पुष्प रंगोलियाँ बनाईं। वहीं, वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगोली निर्माण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं सृजनात्मकता का मनमोहक प्रदर्शन किया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए विद्यार्थियों को आनंद, जिम्मेदारी एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ प्रकाश पर्व मनाने के लिए प्रेरित किया।


