वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व देवास विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष स्व. सुभाष चंद्र वेणीमाधव मिश्रा के निधन पर शोक की लहर
समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि, व्यक्त की गहरी संवेदनाएं
देवास। वरिष्ठ समाजसेवी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं देवास विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष स्व. सुभाष चंद्र वेणीमाधव मिश्रा का 78 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही देवास में शोक की लहर व्याप्त हो गई। स्व. मिश्रा सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ जनता बैंक के पूर्व संचालक भी रहे।
उनके निधन पर मां चामुंडा सेवा समिति के रामेश्वर जलोदिया, छोटू मिश्रा, जयसिंह ठाकुर, योगेंद्र ठाकुर, संजय सिंह चौहान, निशांत मिश्रा, कपिल मिश्रा सहित अनेक समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने स्व. मिश्रा के निधन को सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

