सूने घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
सीसीटीव्ही फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा, चार आरोपी और एक नाबालिग अपचारी गिरफ्तार, दस लाख रुपये का मश्रुका बरामद
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम की प्रभावी कार्यवाही, शातिर आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड उजागर, कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता
देवास। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाए गए सीसीटीव्ही कैमरों ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता सिद्ध की है। सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई, जिसमें चोरी कर भागते हुए आरोपी कैद हुए। आरोपी सूने मकानों को चिन्हित कर ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा चोरी की तीन घटनाओं का सफल खुलासा किया गया है, जिसमें चार आरोपी तथा एक विधि से संघर्षरत नाबालिग अपचारी बालक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने चांदी के आभूषण एवं तीन लाख रुपये नगद सहित कुल दस लाख रुपये का मश्रुका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में चोरी, लूट एवं डकैती की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ कर चोरी गया मश्रुका बरामद करने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा चोरी की तीन घटनाओं का सफल खुलासा किया गया, जिसका विवरण इस प्रकार है।
प्रकरण क्रमांक 01
दिनांक 22.11.2025 को फरियादी जयराम पिता कृष्णलाल हनोतिया उम्र 52 वर्ष निवासी मकान नंबर 28 बद्रीधाम एक्सटेंशन जवाहर नगर के पास देवास द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरियादी पेशे से वकील हैं। दिनांक 21.11.2025 को दोपहर लगभग 03.00 बजे वह अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में क्षिप्रा गए थे। दिनांक 22.11.2025 को शाम लगभग 06.00 बजे जब वे वापस घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला तथा पीछे वाले कमरे में रखी अलमारी का ताला एवं लॉकर टूटे हुए थे। अलमारी में रखे सोने चांदी के आभूषण एवं नगद राशि गायब थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 858 दिनांक 22.11.2025 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण क्रमांक 02
दिनांक 05.01.2026 को फरियादी राहुल चौहान पिता छितुलाल चौहान उम्र 30 वर्ष निवासी मकान नंबर 122 सम्यक विहार कॉलोनी देवास द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरियादी एचडीएफसी बैंक रामनगर देवास में कार्यरत हैं। दिनांक 01.01.2026 को शाम करीब 05.00 बजे वह अपनी पत्नी एवं तीनों बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर अपने गांव झोंकर मक्सी गए थे। दिनांक 03.01.2026 को सुबह करीब 09.25 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि चैनल गेट का ताला खुला हुआ था तथा घर के अंदर कमरे का ताला एवं अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। अलमारी में रखी चांदी की पायजेब, चांदी की चूड़ियां, चांदी की चैन, सोने के नाक के कांटे एवं लगभग पांच से छह हजार रुपये नगद चोरी हो चुके थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 10 दिनांक 05.01.2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण क्रमांक 03
दिनांक 05.01.2026 को फरियादी भरत झकोरे पिता मुलचन्द्र झकोरे उम्र 46 वर्ष निवासी मकान नंबर 104 बी लक्ष्मण नगर देवास द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरियादी जनपद देवास में उपयंत्री के पद पर पदस्थ हैं। दिनांक 03.01.2026 को शाम करीब 04.30 बजे वह अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ अजमेर गए थे। दिनांक 05.01.2026 को दोपहर करीब 02.40 बजे जब वे घर लौटे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था तथा अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में रखे तीन लाख रुपये नगद, एक सोने का सिक्का, सात चांदी के सिक्के, चांदी की कुमकुम डिब्बी, नीले रंग का बैग एवं एटीएम कार्ड अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 11 दिनांक 05.01.2026 धारा 305(1), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त प्रकरणों की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए मश्रुका की बरामदगी हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों की जांच की गई, जिसमें आरोपियों द्वारा चोरी की वारदात कर भागते हुए दृश्य कैद हुए। सीसीटीव्ही फुटेज एवं विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से चोरी गए सोने चांदी के आभूषण, तीन लाख रुपये नगद सहित कुल दस लाख रुपये का मश्रुका जप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
> कुशल उर्फ खुशाल उर्फ खुशी पिता मनीष मुकुंदे उम्र 20 वर्ष निवासी महाराष्ट्र मंडल जवाहर नगर देवास।
> आकाश उर्फ शूटर पिता राजाराम चौहान उम्र 20 वर्ष निवासी बद्रीधाम नगर देवास।
> सुशील पिता रामचन्द्र उर्फ लखन उम्र 22 वर्ष निवासी लक्ष्मण नगर देवास।
> पीयूष पिता नन्दू कहार उम्र 20 वर्ष निवासी अपेक्स हॉस्पिटल के सामने ब्रिज के नीचे देवास।
> एक विधि से संघर्षरत नाबालिग अपचारी बालक।
आपराधिक रिकॉर्ड
कुशल उर्फ खुशाल उर्फ खुशी पिता मनीष मुकुंदे के विरुद्ध थाना कोतवाली, औद्योगिक क्षेत्र एवं सिविल लाइन थानों में वर्ष 2022 से 2025 के मध्य चोरी एवं अन्य धाराओं के अंतर्गत कुल तेरह प्रकरण पंजीबद्ध हैं।
आकाश उर्फ शूटर पिता राजाराम चौहान के विरुद्ध औद्योगिक क्षेत्र, सिविल लाइन, कोतवाली, बैंक नोट प्रेस एवं नाहर दरवाजा थानों में वर्ष 2019 से 2024 के मध्य आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट एवं भारतीय दंड संहिता तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दस प्रकरण दर्ज हैं।
सुशील पिता रामचन्द्र उर्फ लखन के विरुद्ध सिविल लाइन थाने में वर्ष 2025 में एक प्रकरण दर्ज है।
विधि से संघर्षरत नाबालिग अपचारी बालक के विरुद्ध थाना कोतवाली में वर्ष 2024 में एक प्रकरण पंजीबद्ध है।
सराहनीय कार्य
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचन्द्र शर्मा, उप निरीक्षक जुवान सिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, जितेंद्र पटेल, रवि गरुड़ा, मनोज पटेल, हेमंत डाबी, हेमेन्द्र पटेल, मनोज मौर्य, आर सुजित चौधरी, वैभव मंडलोई, नवीन देथलिया, गोपाल ठाकुर एवं मनीष देथलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


