मात्र 8 घंटे में चोरी की घटना का पर्दाफाश
थाना सिविल लाइन की प्रभावी कार्यवाही, आरोपी से चोरी का माल बरामद
देवास। देवास में थाना सिविल लाइन पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का मात्र 08 घंटे में सफल पर्दाफाश किया। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीव्ही कैमरों ने एक बार फिर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका साबित की, जिसमें आरोपियों द्वारा चोरी कर भागने की घटना सीसीटीव्ही फुटेज में कैद हो गई। पुलिस ने 01 महिला आरोपी सहित कुल 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया लगभग 12 लाख रुपये का मश्रुका जप्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा चोरी, नकबजनी और लूट की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मश्रुका बरामद करने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में दिनांक 14.02.2026 को फरियादी ने थाना सिविल लाइन पर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनका घर अग्रसेन नगर में स्थित है, जहां से दिनांक 13.02.2026 को 14.30 बजे से दिनांक 14.02.2026 को 01.30 बजे के बीच एक बड़ा मंगलसूत्र सोने का, एक छोटा मंगलसूत्र सोने का, एक जोड़ी बड़े कान के झुमके सोने के, एक जोड़ी छोटे कान के झुमके सोने के तथा एक जोड़ी छोटे टॉप्स सोने के, कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये, कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 78/2026 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी सिविल लाइन हितेश पाटिल एवं थाना प्रभारी कोतवाली श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरे चेक किए, जिसमें आरोपियों के घटना करने के बाद भागने के दृश्य कैद मिले। सीसीटीव्ही फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही मयंक पिता सुनिल उपाध्याय उम्र 20 साल निवासी संजय नगर हाल मुकाम बद्रीधाम नगर देवास तथा एक महिला आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
आरोपियों के कब्जे से एक बड़ा मंगलसूत्र सोने का, एक छोटा मंगलसूत्र सोने का तथा महिला आरोपी से एक जोड़ी बड़े कान के झुमके सोने के, एक जोड़ी छोटे कान के झुमके सोने के और एक जोड़ी छोटे टॉप्स सोने के, कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये का मश्रुका जप्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मयंक पिता सुनिल उपाध्याय उम्र 20 साल निवासी संजय नगर हाल मुकाम बद्रीधाम नगर देवास तथा एक महिला आरोपी शामिल हैं।
इस सराहनीय कार्य में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल, निरीक्षक हितेश पाटिल, निरीक्षक श्यामचन्द्र शर्मा, सउनि राकेश तिवारी, सउनि कमलपुरी गोस्वामी, आर 242 मातादीन, आर 653 अंतरसिंह परमार, मप्रआर 780 प्रीति मालवीय, मआर 607 मोनिका थाना सिविल लाइन देवास तथा थाना कोतवाली से आर 152 सुजित, आर 530 वैभव और आर 27 उदय प्रताप की विशेष भूमिका रही।


