शिव बारात में दिखी विवाह उत्सव जैसी साज सज्जा
सांस्कृतिक झांकियों और भक्तिमय माहौल ने शहर को बनाया शिवमय
देवास। महाशिवरात्रि के अवसर पर देवास शहर में इस बार शिव बारात का आयोजन विशेष भव्यता और आकर्षक साज सज्जा के साथ किया गया। संस्था नमो नमो द्वारा आयोजित यह बारात विवाह उत्सव जैसी सजावट, आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के कारण शहरवासियों के लिए यादगार बन गई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का सुंदर संगम दिखाई दिया तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लेकर शिव भक्ति का उत्सव मनाया।
शिव बारात शुरू होने से पहले आयोजित मंचीय कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, राजीव खंडेलवाल, बहादुर मुकाती, दुर्गेश अग्रवाल, सुभाष शर्मा, शशिकांत यादव, मनीष सेन, शिवा पहलवान, विजय सिंह पंवार और मनीष सोलंकी उपस्थित रहे। संस्था संयोजक राजेश यादव ने स्वागत भाषण दिया, जबकि रायसिंह सेंधव, राजीव खंडेलवाल, दुर्गेश अग्रवाल और शशिकांत यादव ने अपने विचार रखे। अतिथियों का स्वागत संस्था अध्यक्ष वरुण अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष अनिल चौधरी, सुमेरसिंह ठाकुर, नरेन्द्र सोलंकी, दीपक सोनी, राकेश गुप्ता, महेश यादव और शशांक पवैया ने किया।
बारात प्रारंभ होने से पहले प्रभात फेरियों के माध्यम से सनातन धर्म का संदेश फैलाने वाले धर्मवीर बंधु भगिनियों का भगवा दुपट्टा और श्रीफल देकर सम्मान किया गया। इसके बाद निकली शिव बारात में देश के अलग अलग क्षेत्रों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। केरल की ढोल पार्टी की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु संगीत की धुन पर झूमते नजर आए। गुजरात की मातृशक्ति डमरू पार्टी ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी। उत्तर प्रदेश की सजीव झांकियां, वनवासी समाज के पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बेरसिया की देवी देवताओं की झांकियां भी बारात का खास केंद्र रहीं।
बारात में रोबोटिक शिवजी की झांकी विशेष आकर्षण रही जिसमें नंदी पर सवार शिवजी के शीश से गंगा धारा प्रवाहित होती दिखाई गई। दूल्हा स्वरूप शिवजी माँ गौरा को ब्याहने जाते हुए दर्शाए गए तथा विशाल नंदी की झांकी ने भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। इसके साथ ही सावन माह में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से निकलने वाली बाबा महाकाल की सवारी जैसी झलक प्रस्तुत की गई, जिससे श्रद्धालुओं को उज्जैन जैसी दिव्यता का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम का संचालन अजय तोमर ने किया और आभार प्रदर्शन संजय दायमा द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता पर संस्था के मनोज गर्ग, रोहित शर्मा, नितिन शेलके, गोलू पीओपी, सुरेंद्र परिहार, महेश चौहान, मनीष जैन, बंटी मंगरोलिया, नीलेश वर्मा, राम यादव, सोनू परमार, संजय ठाकुर, भूपेश ठाकुर, विकास जाट, गोपाल खत्री, राहुल गोस्वामी, शुभम जाधव, रोहित खिची काली, रवि दायमा, मनीष काका, धीरेन्द्र दवे, लक्खा खत्री, राहुल ठाकुर, गौरव दुबे, हेमंत कोदिया, दिनेश शर्मा, ईश्वर परसिया, शशांक पवैया, जयंत यादव सहित संस्था के सभी सदस्यों ने देवास की सनातन प्रेमी जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।


