बोलेरो कार से 31 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

बोलेरो कार से 31 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई

देवास। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भौरांसा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बोलेरो कार से अवैध देशी शराब की बड़ी खेप जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी सोनकच्छ दीपा माण्डवे के निर्देशन में थाना प्रभारी भौरांसा निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

24 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बोलेरो कार कुलाल रोड भौरांसा से अवैध शराब लेकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर वाहन चेकिंग लगाई। इस दौरान संदिग्ध बोलेरो कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 31 पेटी अवैध देशी प्लेन शराब कुल 279 लीटर बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 93 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही करीब 10 लाख रुपये कीमत की बोलेरो कार भी जब्त की गई। कुल मिलाकर 10 लाख 93 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

वाहन में सवार आरोपियों ने अपने नाम अजय पिता रुगनाथ सिसोदिया निवासी खामली जिला उज्जैन और शिवराज पिता नारायण सिंह राजपूत निवासी डाबला राजपूत माकडोन जिला उज्जैन बताए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना भौरांसा में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अजय के खिलाफ थाना तराना में पूर्व से कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें धारा 323, 294, 506, 34 भादवि, 34 (2) आबकारी एक्ट, 341, 323, 294, 506, 34 भादवि, 296, 115 (2), 351 (3), 3 (5) बीएनएस, 126 (2), 125, 3 (5) बीएनएस सहित अन्य मामले शामिल हैं। वहीं आरोपी शिवराज के खिलाफ भी पूर्व में धारा 323, 294, 506, 34 भादवि तथा 115 (2), 296, 351 (3), 3 (5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनीता सिंह, उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक राकेश सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह, अशोक चौहान, ब्रजेन्द्र मालवीय, महिला आरक्षक सोनम जोशी, आरक्षक लोकेश दांगी, राहुल केलिया, सुधीर, मन्नुलाल वर्मा, भुपेन्द्र सिंह, पंकज, अरुण और सैनिक सीताराम की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay