सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट के विद्यार्थियों ने हैकाथॉन एवं नवाचार चुनौती-2026 में हासिल किया प्रथम स्थान

सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट के विद्यार्थियों ने हैकाथॉन एवं नवाचार चुनौती-2026 में हासिल किया प्रथम स्थान

देवास, 15 अक्टूबर 2026। सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, देवास के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय की नवाचारी परियोजना FreshGuard BioShield ने मध्य प्रदेश शासन की विकसित मध्य प्रदेश की परिकल्पना से जुड़े हैकाथॉन एवं नवाचार चुनौती-2026 (Hackathon & Innovation Challenge-2026) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, देवास में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्राप्त 20 प्रविष्टियों में से चयनित 13 परियोजनाओं ने अपने नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच फ्रेशगार्ड बायोशील्ड ने अपने अभिनव विचार और संभावनाओं के आधार पर निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

फ्रेशगार्ड बायोशील्ड का उद्देश्य फलों की ताजगी बनाए रखने और कटाई के बाद होने वाली खाद्य बर्बादी को कम करने की दिशा में एक संभावित समाधान विकसित करना है। परियोजना के अंतर्गत फलों पर उपयोग के लिए एक खाद्य-योग्य एवं जैव-अवक्रमणीय कोटिंग का प्रोटोटाइप तैयार किया गया है। यह पहल विज्ञान, नवाचार, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और उद्यमशीलता को एक साथ जोड़ने का प्रयास है।

इस उपलब्धि के लिए टीम को 5,000 रु. की प्रथम पुरस्कार की राशि तथा टीम के प्रत्येक विद्यार्थी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर निशा ने चारों विद्यार्थियों राशि चौधरी, ड्वेन डिसूजा, आकांक्षा यादव और सानिध्य शर्मा एवं रसायन विज्ञान की व्याख्याता एवं परियोजना मार्गदर्शक सुश्री किरण रघुवंशी को बधाई दी तथा उनके प्रयासों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, टीमवर्क और नवाचार की भावना की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

यह सफलता विद्यालय की उस शैक्षणिक सोच को सशक्त करती है, जिसमें विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाता है।

Post Author: Vijendra Upadhyay