देवास नगर में 21 बस्तियों से निकले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन

देवास नगर में 21 बस्तियों से निकले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन

70 किलोमीटर से अधिक मार्ग पर कदमताल करते हजारों स्वयंसेवक; 400 से अधिक स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत

देवास। विजयदशमी उत्सव के अवसर पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देवास नगर द्वारा भव्य पथ संचलन निकाले गए। नगर की 21 बस्तियों से अलग-अलग स्थानों से निकले इन पथ संचलनों में 200 से अधिक मोहल्लों के हजारों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में सहभागिता की। सभी संचलनों ने देवास नगर में 70 किलोमीटर से अधिक मार्ग तय किया। नगर में 400 से अधिक स्थानों पर धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।

चार उपनगरों की 21 बस्तियों से निकले संचलन

देवास नगर में चार उपनगरों के अंतर्गत आने वाली 21 बस्तियों से पथ संचलन निकाले गए।

छत्रपति शिवाजी उपनगर: इस उपनगर की छह बस्तियों इटावा, विजय नगर, मुखर्जी नगर, राजाराम नगर, रामनगर एवं मोतीबंगला से पथ संचलन निकाले गए।

महाराजा छत्रसाल उपनगर: इस उपनगर की चार बस्तियों विकास नगर, अमोना, बावड़िया एवं पालनगर से स्वयंसेवकों ने पथ संचलन में सहभागिता की।

गुरु गोविंदसिंह उपनगर: इस उपनगर की छह बस्तियों जवाहर नगर, कॉलोनी बाग, बजरंगपुरा, शांतिपुरा, उपासना एवं भवानी सागर से पथ संचलन निकाले गए।

महाराणा प्रताप उपनगर: इस उपनगर की पांच बस्तियों आदर्श नगर, भौंसले कॉलोनी, राधागंज, बिलावली एवं मां तुलजा भवानी से स्वयंसेवकों ने संचलन किया।

इस प्रकार देवास नगर की कुल 21 बस्तियों से निकले पथ संचलनों में स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकरूपता एवं संगठन के भाव का परिचय दिया।

भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं शस्त्र पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

पथ संचलन प्रारंभ होने से पूर्व सभी बस्तियों के एकत्रीकरण स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं शस्त्र पूजन किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने अनुशासित पंक्तियों में संचलन प्रारंभ किया।

बस्तियों के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संचलनों ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता, अनुशासन एवं संगठन का संदेश दिया।

400 से अधिक स्थानों पर हुआ स्वागत

देवास नगर में निकले पथ संचलनों के दौरान 400 से अधिक स्थानों पर धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं तथा नागरिकों द्वारा संचलन का स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर संचलन का अभिनंदन किया गया। नगर में उत्सवपूर्ण वातावरण दिखाई दिया तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पथ संचलनों का स्वागत किया।

200 से अधिक मोहल्लों के हजारों स्वयंसेवकों की सहभागिता और 70 किलोमीटर से अधिक मार्ग पर हुए संचलन ने देवास नगर में संघ के व्यापक संगठनात्मक कार्य एवं सामाजिक संपर्क का परिचय दिया।

मुख्य वक्ताओं ने किया संबोधित

विजयदशमी उत्सव के अवसर पर विभिन्न बस्तियों में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य वक्ताओं ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण, सामाजिक समरसता, अनुशासन, सेवा एवं संगठन के महत्व पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए समाज में एकता, पारस्परिक सद्भाव एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता आवश्यक है। व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संघ की शाखाएं स्वयंसेवकों में अनुशासन, सेवा, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने का कार्य करती हैं।

21 ऑक्टोबर को अमोना बस्ती के संजय नगर में पथसंचलन निकलेगा। इसके उपरांत 25 ऑक्टोबर को अन्य शेष बस्तियों के पथसंचलन एवं 1 नवंबर को 13 बाल संचलन निकलेंगे।

Post Author: Vijendra Upadhyay