
ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दो स्थानों पर दबिश देकर 4 आरोपी गिरफ्तार, 500 लीटर अवैध शराब और वाहन जब्त
देवास। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 500 लीटर अवैध शराब और एक लग्जरी वाहन सहित कुल 7 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 26 और 27 मार्च की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम सुनवानी महांकाल और ग्राम लोहार पिपल्या में घेराबंदी कर दबिश दी। ग्राम सुनवानी महांकाल में पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र परमार और प्रदीप रावत को पकड़कर उनके कब्जे से 24 पेटी अवैध शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई गई है। वहीं ग्राम लोहार पिपल्या स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे दबिश देकर आरोपी नरेंद्र राजपूत और संदीप डाबी को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 31 पेटी शराब और तस्करी में प्रयुक्त टवेरा वाहन क्रमांक एमपी 13 बीए 4844 जब्त किया गया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 55 पेटी, यानी लगभग 500 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही करीब 5 लाख रुपये कीमत का वाहन भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 7 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत अपराध क्रमांक 269/2026 और 270/2026 दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, उप निरीक्षक गोविंद बड़ोलिया, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, सुरेश धाकड़, राहुल शर्मा, आरक्षक अजय जाट, लक्ष्मीकांत शर्मा, राहुल शर्मा और सैनिक तेजसिंह मंडलोई की सराहनीय भूमिका रही।

