ड्रोन से अवैध गांजा खेती का खुलासा, 354 पौधे और 686 किलो गांजा जब्त

 

ड्रोन से अवैध गांजा खेती का खुलासा, 354 पौधे और 686 किलो गांजा जब्त

सोनकच्छ के काछी गुराड़िया में कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार

देवास। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सोनकच्छ पुलिस ने ग्राम काछी गुराड़िया में अवैध गांजा खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने ड्रोन की मदद से खेत में गांजे की खेती की पुष्टि करने के बाद दबिश देकर 354 गांजे के पौधे और 686 किलोग्राम गांजा जब्त किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को थाना सोनकच्छ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम काछी गुराड़िया निवासी प्रेम सिंह पिता चंदर सिंह कुशवाह (50) ने अपने खेत में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, एसडीओपी सोनकच्छ श्यामचंद्र शर्मा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ड्रोन की मदद ली। सूचना सही पाए जाने पर टीम ने तत्काल खेत पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 354 गांजे के पौधे और 686 किलोग्राम गांजा जब्त कर प्रेम सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना सोनकच्छ में अपराध क्रमांक 558/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post Author: Vijendra Upadhyay