26 किलो की विशालकाय गठान का सफल ऑपरेशन
अमलतास अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पेश की चिकित्सा कुशलता की मिसाल!
देवास – विज्ञान और चमत्कार के बीच की पतली लकीर को पार करते हुए देवास-उज्जैन मार्ग स्थित अमलतास सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने एक ऐसा अकल्पनीय कारनामा कर दिखाया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया है। अस्पताल के विशेषज्ञ सर्जन्स ने एक 65 वर्षीय महिला के पेट से 26 किलोग्राम वजनी एक ऐसा विशाल और दुर्लभ ट्यूमर (ओवेरियन कैंसर/अंडाशय का कैंसर) बाहर निकाला है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस खतरनाक गठान का वजन लगभग ढाई-ढाई किलो के 10 नवजात शिशुओं (Newborn Babies) के कुल वजन के बराबर था! कल्पना कीजिए, किसी इंसान के पेट के भीतर यदि इतने वजन का कोई अतिरिक्त भार पल रहा हो, तो उसकी शारीरिक स्थिति क्या होगी। इस बड़ी गठान के दबाव के कारण महिला दर्द से परेशान थी। उसकी हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि वह न तो ठीक से बैठ पाती थी और न ही अपने पैरों पर खड़ी हो सकती थी। गंभीर स्थिति में इस महिला के लिए सामान्य साँस लेना भी एक बड़ी जंग बन चुका था।
मरीज जब अत्यंत गंभीर हालत में अमलतास अस्पताल पहुँची, तो यहाँ के डॉक्टरों की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। मामला बेहद जटिल था क्योंकि जरा सी चूक मरीज की जान पर भारी पड़ सकती थी। अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एमसीएच सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. उमेश जेठवानी एवं उनकी टीम ने अपनी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए कठिन और लंबी साइटोरिडक्टिव सर्जरी (Cytoreductive Surgery) को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस प्रकार की सर्जरी में कैंसर के दिखाई देने वाले हिस्से को अधिकतम संभव सीमा तक हटाना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। डॉक्टरों ने बिना किसी अंदरूनी अंग को नुकसान पहुँचाए, उस 26 किलो के ट्यूमर को शरीर से पूरी तरह अलग कर दिया। सफल ऑपरेशन के बाद अब वह महिला पूरी तरह स्वस्थ है और अपने पैरों पर खड़ी होकर मुस्कुरा रही है। यह अत्यंत गंभीर और लाखों रुपए खर्च वाला ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क किया गया है।
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन में डॉ. रजत, डॉ. कौशल एवं डॉ. शफक ने सहायक सर्जन के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने ऑपरेशन के दौरान मरीज की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम योगदान दिया। डॉक्टरों का कहना है कि इतनी अधिक उम्र में इतने विशाल ट्यूमर की सर्जरी करना बेहद जोखिम भरा होता है, जिसे टीम के बेहतरीन तालमेल से सफल बनाया गया।
इस ऐतिहासिक सफलता पर अमलतास समूह के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश सिंह भदौरिया एवं चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी चिकित्सा टीम को बधाई दी।
चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने कहा— अमलतास अस्पताल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यहाँ असंभव को भी संभव बनाया जाता है। हमारा संकल्प है कि मालवा-निमाड़ और पूरे प्रदेश के किसी भी मरीज को गंभीर से गंभीर इलाज के लिए महानगरों की ओर न दौड़ना पड़े। हर मरीज का इलाज और उसकी मुस्कान हमारे लिए सर्वोपरि है।


