देवास में 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक लगेगा स्वदेशी मेला

देवास में 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक लगेगा स्वदेशी मेला

पुलिस ग्राउंड में होगा 10 दिवसीय आयोजन, होटल विश्वास में हुई बैठक में पदाधिकारियों की घोषणा

देवास। स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने, स्थानीय व्यापार एवं उद्योगों को बढ़ावा देने और स्वदेशी विचार को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देवास में आगामी 27 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला पुलिस ग्राउंड में आयोजित होगा। मेले की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए होटल विश्वास में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेले की वैचारिक पृष्ठभूमि, आयोजन स्थल, तारीख एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान मेले के प्रमुख दायित्वों की घोषणा भी की गई।

आयोजन के लिए समीर मूंदड़ा को पालक, विजेंद्र उपाध्याय को मेला संयोजक तथा अभिषेक गोस्वामी, हीना राठौड़ एवं श्रीमती पुष्पलता सोनगरा को सह-संयोजक घोषित किया गया। मेले की अन्य समितियों एवं दायित्वों की घोषणा आगामी दिनों में की जाएगी।

बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक डॉ. विशाल पुरोहित, संभाग पूर्णकालिक हेमंत रावत, जिला संयोजक सुरेंद्र गिरि गोस्वामी सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार, स्वदेशी मेले के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों, व्यापारियों एवं उत्पाद निर्माताओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और प्रचार-प्रसार के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ ही आमजन को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आगामी दिनों में मेले की तैयारियों को गति देने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर आयोजन से संबंधित गतिविधियां आगे बढ़ाई जाएंगी।

Post Author: Vijendra Upadhyay