नवरात्रि के पहले दिन माता टेकरी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नवरात्रि के पहले दिन माता टेकरी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

दर्शन के लिए आधे घंटे की कतार; मेडिकल कैंप में नहीं मिले डॉक्टर

देवास। नवरात्रि के पहले दिन देवास की माता टेकरी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही माता के जयकारे गूंजने लगे। छोटी माता चामुंडा की सुबह की आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देवास के अलावा इंदौर और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे। हालांकि, एक ओर जहां टेकरी पर भक्तों का उत्साह चरम पर रहा, वहीं दूसरी ओर मेडिकल कैंप में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति ने स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम की अनुपस्थिति को लेकर टेकरी प्रभारी एवं नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल टीम की ड्यूटी लगाने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा कि इस बात का पता लगाया जाएगा कि टीम मौके पर क्यों मौजूद नहीं थी और उस समय क्या स्थिति रही।

सुबह से बढ़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़

माता टेकरी पर सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 7 बजे के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी और बड़ी माता मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर कतारें लग गईं। बैरिकेडिंग के बीच श्रद्धालुओं को रुक-रुककर आगे बढ़ना पड़ा। दर्शन के लिए भक्तों को करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और भक्त जयकारे लगाते हुए माता के दरबार की ओर बढ़ते रहे।

आरती में शामिल हुईं विधायक गायत्री राजे पवार

सुबह छोटी माता चामुंडा की आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विधायक गायत्री राजे पवार भी आरती में पहुंचीं। कई श्रद्धालु घुटनों के बल चलते हुए माता के दरबार तक पहुंचे, वहीं कुछ अभिभावक अपने बच्चों को कंधों पर बैठाकर दर्शन कराने लाए। हाथों में ज्योत, भजन और जय माता दी के जयकारों से पूरी टेकरी का वातावरण भक्तिमय बना रहा। नवरात्रि के पहले दिन माता टेकरी पर उमड़ी भारी भीड़ ने जहां श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को दर्शाया, वहीं मेडिकल कैंप में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति ने आपात स्थिति में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

कलेक्टर ने सपत्नीक पूजा-अर्चना की

शारदीय नवरात्र के पहले दिन कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने माताजी की टेकरी पहुंचकर सपत्नीक मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा की पूजा-अर्चना कर जिले के नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की पूजा-अर्चना के बाद कलेक्टर सिंह ने नवरात्रि के पावन अवसर पर टेकरी परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हेतु की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को दर्शन व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी देवास चामुंडा माता देवस्थान प्रबंध समिति एवं जिला प्रशासन का यह सतत प्रयास है कि दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जाए, जिससे बाहर और स्थानीय स्तर से आने वाले सभी दर्शनार्थियों को अच्छे और पर्याप्त समय के लिए सुलभ दर्शन प्राप्त हो सकें तथा सभी श्रद्धालु यहां से प्रसन्न होकर जाएं। आगामी दिनों और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और क्राउड मैनेजमेंट को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र और मार्ग में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं तथा चाक-चौबंद पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही इस बार जनसहयोग की मिसाल पेश करते हुए 100 से अधिक वॉलंटियर्स आगे आए हैं, जो श्रद्धालुओं की सेवा एवं मार्गदर्शन में सहयोग कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मार्ग पर स्पष्ट एवं पर्याप्त साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि भीड़ प्रबंधन पूरी तरह नियंत्रित रहे और हर भक्त निर्बाध रूप से दर्शन कर सके।

Post Author: Vijendra Upadhyay