सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी के छात्रों ने अंतर्विद्यालयीन क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
18 सीबीएसई विद्यालयों के बीच प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
देवास। सेंट्रल इंडिया एकेडमी के विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए अंतर्विद्यालयीन ब्रेनी बडीज क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। देवास सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स के तत्वावधान में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध विद्यालयों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में 18 विद्यालयों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता का आयोजन सेंट मैरीज कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में सेंट्रल इंडिया एकेडमी की ओर से कक्षा तीसरी के छात्र सारांश जाजू, कक्षा चौथी के छात्र जतिन शर्मा एवं कक्षा पांचवीं के छात्र आरुष जोशी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। तीनों विद्यार्थियों ने त्वरित निर्णय क्षमता, ज्ञान और बेहतर तालमेल के दम पर प्रथम स्थान हासिल करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। विद्यालय की प्राचार्या एवं देवास सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स की अध्यक्षा श्रीमती रीटा सिंह ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीटा सिंह, निदेशक चरनजीत सिंह अरोरा एवं समस्त स्टाफ ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही उनके मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली शिक्षिकाओं श्रीमती रानी चौरे, श्रीमती वरणप्रीत कौर एवं श्रीमती शालिनी हनवाल को भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


