नवरात्रि में टेकरी पर मंगला आरती का समय निर्धारित
मां चामुंडा, मां तुलजा भवानी, श्री हनुमानजी और मां कालिका की आरती के लिए अलग-अलग समय तय
देवास। नवरात्रि के पावन अवसर पर देवास की प्रसिद्ध टेकरी स्थित मां चामुंडा मंदिर में मंगला आरती एवं धार्मिक आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मां चामुंडा मंगला आरती मंडल द्वारा वर्षभर नियमित रूप से माता जी की आरती की जाती है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के टेकरी पहुंचने को देखते हुए मंगला आरती का समय निर्धारित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मां चामुंडा महारानी की मंगला आरती प्रातः 5:25 बजे, मां तुलजा भवानी की आरती 5:50 बजे, श्री हनुमानजी महाराज की आरती 6:10 बजे तथा मां कालिका जी की आरती प्रातः 6:30 बजे होगी।
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता जी के दर्शन एवं आरती में शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरती का समय निर्धारित किया गया है, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
बताया गया कि देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार द्वारा भी इस संबंध में प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि नवरात्रि के दौरान मंगला आरती के आयोजन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।
मां चामुंडा मंगला आरती मंडल को पूर्व वर्षों की तरह प्रशासन एवं पुजारियों का सहयोग प्राप्त होता रहा है। मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय के अनुसार मंगला आरती में शामिल होकर माता जी का आशीर्वाद लेने एवं धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।


