देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार से साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार से साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

सेवानिवृत्त एलआईसी कर्मचारी से 6.03 लाख की ठगी, आरोपी के घर से 5 लाख रुपये नकद बरामद

जामताड़ा से जुड़े साइबर ठगी गिरोह के मुख्य सरगनाओं की पहचान, ई-जीरो एफआईआर के 130 मामलों में अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार

देवास। बैंक अधिकारी बनकर पेंशन कार्ड अपडेट कराने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर एलआईसी से सेवानिवृत्त कर्मचारी मनोहर लाल सिलोदिया (62) से 6.03 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को देवास पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की राशि में से 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। विवेचना में साइबर ठगी गिरोह के मुख्य सरगनाओं का संबंध झारखंड के जामताड़ा से सामने आया है।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कटिहार पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी मनोहर लाल सिलोदिया के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर पेंशन कार्ड अपडेट कराने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर ठगी की थी। शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 565/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस टीम करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार के कटिहार जिले पहुंची और आरोपी सचिन कुमार पिता उमेश पासवान (21), निवासी खुदनारुपसपुर, थाना रौतारा, जिला कटिहार को गिरफ्तार किया।

आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की अलमारी से 5 लाख रुपये नकद विधिवत जब्त किए गए। पुलिस आरोपी से साइबर ठगी के नेटवर्क, अन्य संलिप्त व्यक्तियों और ठगी की शेष राशि के संबंध में पूछताछ कर रही है।

जामताड़ा से जुड़े हैं गिरोह के मुख्य सरगना

गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर साइबर ठगी गिरोह के मुख्य सरगनाओं का संबंध झारखंड के जामताड़ा से पाया गया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।

130 ई-जीरो एफआईआर में 26 आरोपी गिरफ्तार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेशभर में साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था संचालित की जा रही है। देवास जिले में अब तक कुल 130 ई-जीरो एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 98,52,614 रुपये जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा संचालित ऑपरेशन साइबर के तहत जिला पुलिस साइबर सेल ने 1 नवंबर 2024 से अब तक साइबर ठगी के शिकार लोगों की 3,89,28,622 रुपये की राशि वापस करवाई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिकायतों में 5,27,16,769 रुपये की राशि होल्ड करवाई गई है, जिसे अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के बाद आवेदकों को लौटाया जाएगा।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक सचिन सोनगरा, उपनिरीक्षक डी.के. त्यागी, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, रवि गरोड़ा, अर्पित श्रीवास्तव, आरक्षक सुजीत, अभिषेक पंवार, मनीष राजपूत, अनिल, महिला आरक्षक नेहा ठाकुर तथा साइबर सेल देवास से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान, शिवप्रताप सिंह सेंगर और महिला आरक्षक निशा पाटोरिया की विशेष भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay