सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी का जिला स्तरीय हैकाथान एवं इनोवेशन चैलेंज में शानदार प्रदर्शन
कृतिका जाट ने तृतीय पुरस्कार जीतकर विद्यालय का नाम किया रोशन एवं पांच नवाचारी प्रोजेक्ट्स का जिला स्तर पर हुआ चयन
देवास। सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी, देवास के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय हैकाथान एवं इनोवेशन चैलेंज 2026- सेवा संकल्प अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। शासकीय पालिटेक्निक कालेज, देवास द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता की थीम बेहतर भविष्य के लिए नवाचार एवं विकसित मध्यप्रदेश रखी गई थी।
प्रतियोगिता में देवास जिले के 26 विद्यालयों के प्रोजेक्ट्स प्राप्त हुए थे जिनमें से 13 प्रोजेक्ट सिलेक्ट किये गये, जिनमें से विद्यालय के पांच नवाचारी प्रोजेक्ट्स का जिला स्तर पर चयन हुआ। चयनित प्रत्येक प्रोजेक्ट्स को माडल निर्माण एवं विकास के लिये 5000/-रू. की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इस उपलब्धि में विद्यालय की छात्रा कु. कृतिका जाट ने अपने प्रोजेक्ट- एक्वासेंस-स्मार्ट वाटर कंजर्वेशन के लिये तृतीय पुरस्कार प्राप्तकर 2000/-रू. की नकद राशि प्राप्त की। उन्हें यह पुरस्कार देवास की संयुक्त कलेक्टर माननीय विशाखा गेहलोत द्वारा प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मक एव सामाजिक समस्याओं के समाधान की क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। चयनित प्रोजेक्ट्स में कु. कृतिका जाट का एक्वासेंस- स्मार्ट वाटर कंजर्वेशन, कु. आर्या वर्मा का प्रकृति फ्रेश- प्राकृतिक फल पकाने एवं सस्टेनेबल तरीके से सुखाने की तकनीक, तेजस अकोतिया एवं कार्तिक पंजाबी का सोनिक्सफायर-ध्वनि की शक्ति से आग बुझाने की तकनीक, तीर्थराज सरकार एवं जिवितेश चौहान का सेंसर युक्त स्मार्ट मेडिसिन बाक्स तथा आदित्य पटेल का सिट्रस साइकिल- खट्टे फलों के अपशिष्ट का नवाचारी उपयोग शामिल है।
इन प्रोजेक्ट्स के निर्माण एवं मार्गदर्शन में शिक्षिका श्रीमती अनिता पवार, श्रीमती आशा टेंगोर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सिट्रस साइकिल प्रोजेक्ट में आदित्य पटेल ने मार्गदर्शक की भूमिका निभाई।
विद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण एवं व्यावहारिक ज्ञान के प्रति उत्साह को नई दिशा मिली है। सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शकों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


