15 टन प्याज से भरे ट्रक की लूट का 24 घंटे में खुलासा

15 टन प्याज से भरे ट्रक की लूट का 24 घंटे में खुलासा

चाकू की नोक पर चालक-क्लीनर को बनाया था बंधक, सात आरोपी गिरफ्तार; करीब 30 लाख रुपये का मशरूका बरामद

देवास। देवास पुलिस ने देवास-मक्सी रोड पर ग्राम सड़क पिपल्या के पास चाकू की नोक पर 15 टन प्याज से भरे ट्रक की लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया ट्रक, प्याज, मोबाइल, नकदी, जीपीएस उपकरण, वारदात में प्रयुक्त कार और चाकू सहित करीब 30 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पांच मिनट के भीतर कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस देवास से इंदौर के बेटमा तक पहुंची।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर लूट, डकैती और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को फरियादी ओमप्रकाश पिता बटकन श्रीवास, निवासी फुप, जिला भिंड ने थाना टोंकखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे इंदौर की चोइथराम सब्जी मंडी से प्याज की 265 कट्टियां भरकर उत्तर प्रदेश के शहजानपुर जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे मक्सी रोड पर ग्राम सड़क पिपल्या के आसपास ट्रक बंद हो गया। इसी दौरान सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में आए पांच युवकों ने चालक और क्लीनर के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनसे 1,500 रुपये और मोबाइल छीनकर प्याज से भरा ट्रक लूट लिया। बाद में देवास बायपास पर ट्रक लौटाकर दोनों को छोड़ दिया।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना टोंकखुर्द में अपराध क्रमांक 383/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 310 (2), 311, 140 (3), 296 (बी), 351 (3) और 115 (2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेंद्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन और एसडीओपी सोनकच्छ श्यामचन्द्र शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी टोंकखुर्द निरीक्षक हितेश पाटील के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिलने पर मक्सी-उज्जैन रोड के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों आदिल उर्फ मस्तान, फरहान, अभिषेक, अभय और कृष्णा को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इंदौर-मक्सी हाईवे पर चालक और क्लीनर को चाकू दिखाकर बंधक बनाया और मोबाइल, नकदी तथा प्याज से भरा ट्रक लूट लिया था। प्याज को इंदौर-धार रोड स्थित कालेक व्यू ढाबे के पीछे एक टापरी में अपने दो अन्य साथियों अर्पित और आरिफ उर्फ आरू की मदद से छिपाया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई प्याज, स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP09AQ8064, लोहे का धारदार चाकू, फरियादी का मोबाइल और लूटी गई नकदी सहित मशरूका बरामद किया। ट्रक से निकाला गया जीपीएस उपकरण भी जब्त किया गया। मामले में आयुध अधिनियम की धारा 25 भी बढ़ाई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में आदिल उर्फ मस्तान पिता साबीर खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम बोड़ा, जिला राजगढ़, हाल मुकाम ग्रीन पार्क नया गेट, इंदौर; फरहान पिता जहूर मोहम्मद कुरैशी, उम्र 18 वर्ष 7 माह, निवासी छोटा चंबल, अशोका गार्डन, थाना ऐशबाग, भोपाल; अभिषेक पिता वीरसिंह दांगी, उम्र 25 वर्ष, निवासी मकान नंबर 06, राजेंद्र नगर, थाना बजरिया, भोपाल; अभय पिता रामप्रवेश यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी मकान नंबर 50, राजेंद्र नगर कॉलोनी, रेलवे कोच फैक्ट्री रोड, थाना बजरिया, भोपाल; कृष्णा पिता जसवंत भाटी, उम्र 22 वर्ष, निवासी अरविंदो पटेल कॉलोनी, थाना बाणगंगा, इंदौर; अर्पित पिता बहादुरसिंह तंवर, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम गवला मांचल, थाना पीथमपुर, जिला इंदौर; और आरिफ उर्फ आरू पिता जाफर खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम मगरखेड़ा, थाना बाणगंगा, इंदौर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आदिल उर्फ मस्तान के खिलाफ थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ में अपराध क्रमांक 17/24 के तहत धारा 379 भारतीय दंड संहिता और अपराध क्रमांक 95/25 में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115 (2), 296, 351 (3) और 118 (1) के तहत प्रकरण दर्ज हैं। फरहान के खिलाफ थाना अयोध्यानगर, भोपाल में अपराध क्रमांक 186/25, थाना मंडी, सीहोर में अपराध क्रमांक 383/25 और थाना ऐशबाग, भोपाल में अपराध क्रमांक 115/25 दर्ज हैं। अभिषेक के खिलाफ थाना छोला मंदिर, भोपाल में अपराध क्रमांक 534/23, 198/23, 168/23 और 349/25 दर्ज हैं। इन आरोपियों के खिलाफ देवास के थाना टोंकखुर्द में वर्तमान प्रकरण भी दर्ज है।

जब्त मशरूका में करीब पांच लाख रुपये कीमत की 15 टन प्याज, लगभग 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक क्रमांक UP75AT9666, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, चाकू, फरियादी का मोबाइल, नकदी और जीपीएस उपकरण शामिल हैं। कुल जब्ती की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टोंकखुर्द निरीक्षक हितेश पाटील, उपनिरीक्षक लोकेश कुशवाह, अरुण पीपल्दे, सहायक उपनिरीक्षक नितिनसिंह, प्रधान आरक्षक यशवन्तसिंह और राजेश कडोदिया, आरक्षक रमन मिश्रा, शंकर पटेल, जोजनसिंह, रविन्द्र जावरिया, भुनेश पाठक, सुभाष, सैनिक धर्मेन्द्र तथा नारकोटिक्स विंग इंदौर के उपनिरीक्षक मलखानसिंह भाटी की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay