गरबे के रंग, माँ-बेटी के संग… देवास में पहली बार होगा तीन दिवसीय गरबा महोत्सव
16 से 18 अक्टूबर तक सजेगी गरबे की शाम, प्रवेश रहेगा निःशुल्क; माँ-बेटी की जोड़ियों को मिलेगा प्रवेश
देवास। नवरात्रि के पावन पर्व पर देवास में पहली बार माँ-बेटी गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। माँ-बेटी के खूबसूरत रिश्ते को समर्पित इस विशेष आयोजन में भक्ति, संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य माँ-बेटी के रिश्ते को उत्सव के रूप में मनाने के साथ भारतीय संस्कृति और पारंपरिक गरबा को प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव का आयोजन 16, 17 एवं 18 अक्टूबर 2026 को प्रतिदिन रात्रि 7:30 से 10 बजे तक, ड्रीम गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, गोमती नगर, देवास में किया जाएगा। आयोजन की विशेष बात यह है कि महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क रहेगा तथा प्रवेश केवल माँ-बेटी की जोड़ी को दिया जाएगा। माँ और बेटी एक साथ गरबा एवं डांडिया कर उत्सव के यादगार पल साझा करेंगी।
इस तीन दिवसीय महोत्सव में शिव म्यूजिकल की प्रस्तुति रहेगी, जो आयोजन में संगीत और गरबे के उत्साह को विशेष रंग देगी। वहीं, संपूर्ण आयोजन का इवेंट मैनेजमेंट यजत इवेंट्स द्वारा किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान गरबा नृत्य, आपसी तालमेल और प्रस्तुति के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली माँ-बेटी की जोड़ियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को माँ दुर्गा की आराधना, पारंपरिक गरबा, डांडिया और सांस्कृतिक वातावरण के साथ यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।
आयोजन का संदेश है—माँ और बेटी, साथ में गरबा, साथ में खुशियाँ! यह महोत्सव माँ-बेटी के स्नेह, आपसी जुड़ाव और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को उत्सव के रूप में प्रस्तुत करेगा।
महोत्सव से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8085787000, 8319965557 एवं 9827580600 पर संपर्क किया जा सकता है।

